जयपुर

Rajasthan Rain: 17 जिलों में IMD का डबल अलर्ट, 3 घंटे के अंदर बारिश, 80kmph की रफ्तार से आंधी आने की चेतावनी

Rajasthan Rain: मौसम विभाग ने 17 जिलों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए अगले 3 घंटों के भीतर बारिश-आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। जयपुर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
May 02, 2026
Rajasthan rain
राजस्थान में बारिश के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और लोगों को भीषण गर्मी के बीच तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 17 जिलों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए अगले 3 घंटों के भीतर बारिश-आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की संभावना भी बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने जयपुर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज मेघगर्जन, धूलभरी आंधी, ओलावृष्टि और मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं बीकानेर, चूरू, नागौर, अलवर, दौसा, कोटा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, टोंक समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग की तात्कालिक चेतावनी :

नागौर में सबसे अधिक 22 मिमी बारिश

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नागौर में सबसे अधिक 22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि सीकर, लक्ष्मणगढ़ और अजमेर के कई इलाकों में 5 से 10 मिमी तक बारिश हुई।

आगामी दिनों में तापमान गिरेगा

तापमान की बात करें तो गर्मी अभी भी बरकरार है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान अजमेर में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, आगामी दिनों में आंधी और बारिश के कारण हीटवेव से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

2 से 8 मई तक इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 8 मई तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना है।

आंधी में पेड़-विद्युत पोल गिरने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी के कारण पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

मौसम में दिखेगा बदलाव

कुल मिलाकर, राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं, जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज आंधी और बारिश लोगों के लिए परेशानी भी खड़ी कर सकती है।