Newly Wed Couple Accident: जयपुर के हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार कार ने नवविवाहित दंपती की बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में पति का पैर कई जगह से टूट गया और फेफड़ा फट गया, जबकि पत्नी के दोनों पैर फ्रैक्चर होने के साथ सिर में गंभीर चोट आई है।
Rajasthan Road Accident CCTV Footage: जयपुर के हरमाड़ा लोहामंडी इलाके में रविवार दोपहर रफ्तार के कहर ने एक ऐसा खौफनाक मंजर पैदा किया, जिसे देखकर प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप उठी। डिवाइडर कट पार कर रहे एक नवविवाहित दंपती की मोटरसाइकिल को करीब 120 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ रही एक बेकाबू कार ने ऐसी टक्कर मारी कि दोनों काल के गाल में समाते-समाते बचे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती खिलौने की तरह हवा में करीब 5 फीट ऊपर उछले और 30 फीट दूर कंक्रीट की सड़क पर जा गिरे।
सड़क पर गिरते ही दोनों खून से लथपथ हो गए। घटनास्थल के पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में यह रौंगटे खड़े कर देने वाला वाकया कैद हुआ है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए।
पुष्पेंद्र और वंदना की शादी महज तीन महीने पहले, 5 फरवरी को बेहद धूमधाम से हुई थी। अब दोनों का जीवन आइसीयू की दहलीज पर दुआओं के सहारे टिक गया। पुष्पेंद्र घर में इकलौता बेटा है, उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग माता-पिता की लाठी और घर का इकलौता कमाऊ सदस्य वही है।
रविवार को दोनों तिरुपति विहार स्थित अपने घर से किसी परिचित से मिलने विद्याधर नगर के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूर पहुंचे थे कि बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए जैसे ही डिवाइडर कट से मुड़े, काल बनकर आई कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
टक्कर मारने के बाद कार चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। राहगीरों ने इंसानियत और हौसला दिखाते हुए भागती कार का पीछा किया, लेकिन घबराया हुआ चालक कुछ दूरी पर वाहन को लावारिस छोड़कर गलियों के अंधेरे में गायब हो गया।
हरमाड़ा थानाधिकारी उदयभान ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार 'स्टार ब्रेकर्स' नामक फर्म के नाम रजिस्टर्ड है, जिसका पता गौतम कॉलोनी, अनोखा गांव (हरमाड़ा) का है। पुलिस कार को जब्त कर फरार चालक की तलाश कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार लगभग 120 किमी/घंटा रही होगी।