Rajasthan Roadways: होली के चलते जयपुर से बाहर जाने वाली रोडवेज बसों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और डीलक्स-वोल्वो बसें सात दिन पहले ही फुल हो गईं। यात्री दबाव को देखते हुए रोडवेज ने 200 अतिरिक्त बसें लगाई हैं।
जयपुर। होली पर घर जाने वालों की भीड़ ने रोडवेज बसों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ा दिया है। शुक्रवार से ही बसों में भीड़ शुरू हो गई थी, लेकिन रविवार के लिए सात दिन पहले ही डीलक्स और वोल्वो बसों की ऑनलाइन टिकटें फुल हो गईं। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रोडवेज को अतिरिक्त डीलक्स और वोल्वो बसें लगानी पड़ीं।
ऑनलाइन टिकटों की स्थिति देखें तो अलीगढ़ और आगरा रूट की वोल्वो व डीलक्स बसें सात दिन पहले ही फुल हो गई थीं। देहरादून, दिल्ली, कानपुर और हरिद्वार के लिए भी टिकटों की मारामारी है। इन रूट्स पर 80 प्रतिशत टिकटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। रोडवेज ने दिल्ली और यूपी के लिए दो-दो अतिरिक्त बसें लगाई हैं।
सामान्य एक्सप्रेस बसों में भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने 200 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। इनमें से 80 प्रतिशत भार आगरा रूट पर आ रहा है। जयपुर से संचालन के लिए अन्य डिपो से बसें मंगवाई गई हैं। अधिकारियों के अनुसार त्योहार पर सबसे ज्यादा यात्री आगरा, अलीगढ़, कानपुर, भरतपुर, हिंडौन और करौली रूट पर सफर करते हैं।
होली पर भीड़ का फायदा उठाते हुए निजी बसों ने तय किराए से अधिक वसूला। आगरा रूट पर भरतपुर और करौली के लिए 300 रुपए तक, जबकि आगरा के लिए 500 रुपए तक किराया लिया गया। इससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ा।