जयपुर

राजस्थान का टॉप-10 वांटेड अपराधी ‘लादेन’ जयपुर से गिरफ्तार, पपला का साथी हरियाणा की चीकू गैंग का भी सहयोगी रहा

Laden Gurjar: पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने 'ऑपरेशन गैंग माफिया' के तहत राजस्थान के टॉप-10 वांटेड अपराधियों में शामिल विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
2 min read
May 27, 2026
Vikram alias Laden Gurjar
विक्रम उर्फ लादेन गुर्जर। फोटो: पत्रिका

Vikram alias Laden Gurjar: जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने 'ऑपरेशन गैंग माफिया' के तहत राजस्थान के टॉप-10 वांटेड अपराधियों में शामिल विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पहाड़ी, बहरोड़ निवासी आरोपी पर हत्या, रंगदारी, जमीन कब्जाने और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर गैंग का विरोधी और हरियाणा की चीकू गैंग का सहयोगी रहा है।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी जयपुर के मानसरोवर इलाके में फरारी काट रहा था और यहां के पीजी संचालकों से अवैध वसूली की फिराक में था। उसने एक पीजी संचालक अनूप सिंह को फोन कर हर महीने एक लाख रुपए की रंगदारी न देने पर हाथ-पैर तुड़वाने की धमकी दी थी। शिप्रापथ थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और जयपुर में सक्रिय साथियों को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन पुत्र हंसराज गुर्जर निवासी पहाड़ी, थाना सदर बहरोड़ का रहने वाला है। आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जमीनों पर कब्जा, भय पैदा कर वसूली, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट, अवैध हथियार रखने सहित करीब तीन दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी राजस्थान के टॉप-10 हार्डकोर अपराधियों में शामिल माना जाता है।

जयपुर में सक्रिय अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर पहले कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर का जानी दुश्मन था, लेकिन बाद में उसका करीबी बन गया था। इसके अलावा विक्रम सिंह हरियाणा की चिकू गैंग का भी सदस्य रह चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, गैंग कनेक्शन और जयपुर में सक्रिय अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

चीकू गैंग का साथ छोड़ने के बाद लादेन ने बनाई नई गैंग

विक्रम उर्फ लादेन और पपला गुर्जर शुरुआत में अलग-अलग गैंग से जुड़े हुए थे। इलाके में वर्चस्व, रंगदारी और अपराध जगत में दबदबे को लेकर दोनों के बीच टकराव रहता था। पुलिस रिकॉर्ड और स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों गैंगों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी। हालांकि बाद में विक्रम गुर्जर और पपला गुर्जर के बीच संबंध सुधरने लगे। लेकिन, चीकू गैंग का साथ छोड़ने के बाद विक्रम उर्फ लादेन ने पहाड़ी गांव में ही अपनी एक नई गैंग बनाई।

कौन विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर?

विक्रम सिंह उर्फ लादेन गुर्जर बहरोड़ क्षेत्र का आदतन बदमाश है। लादेन की गैंग बहरोड़, कोटपूतली, मनोहरपुरा, पनियाला, अलवर, भरतपुर, सीकर और जयपुर के इलाकों सक्रिय है, ये लोग डरा धमका कर वसूली करते हैं। बहरोड़ थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी विक्रम गुर्जर के खिलाफ 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। कई मुकदमें गंभीर धाराओं के हैं जिनमें अपहरण, हत्या, हत्या के प्रयास और फिरौती वसूलने के कई प्रकरण दर्ज हैं।

Updated on:
27 May 2026 09:05 am
Published on:
27 May 2026 09:05 am
Also Read
View All