
अनु मीणा और इंजीनियर पति गौतम मीणा। फोटो: पत्रिका
जयपुर। सपनों के साथ विदा हुई अनु ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि सात फेरों का रिश्ता उसकी जिंदगी पर इतना भारी पड़ जाएगा। वर्ष 2015 में परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी की थी। इंजीनियर दामाद मिलने पर घरवालों को लगा था कि बेटी खुशहाल जीवन जिएगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अनु की जिंदगी दर्द, अपमान और मारपीट के अंधेरे में डूबती चली गई।
अब उसकी मौत के बाद जयपुर की मुहाना थाना पुलिस आरोपी इंजीनियर पति गौतम मीणा की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच एसीपी मानसरोवर आदित्य काकड़े कर रहे हैं। मुहाना थाना पुलिस के अनुसार त्रिवेणी नगर गोपालपुरा निवासी नीरज मीणा ने बहन अनु की मौत के बाद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट में बताया गया कि अनु की शादी 25 जुलाई 2015 को चीथवाड़ी चौमू निवासी गौतम मीणा से हुई थी। गौतम इंजीनियर था और उसके माता-पिता व भाई का पहले ही निधन हो चुका था। बेटी की खुशियों के लिए परिवार ने करीब 60 लाख रुपए खर्च कर शादी की, लेकिन कुछ ही समय बाद सच्चाई सामने आने लगी।
परिजन का आरोप है कि गौतम शराब के नशे में अनु के साथ आए दिन मारपीट करता और रुपए की मांग करता था। विरोध करने पर ताने देता और दूसरी शादी करने की धमकी देता था। धीरे-धीरे अनु मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चली गई, लेकिन उसने रिश्ते को बचाने की उम्मीद में सब कुछ सहन करना जारी रखा। भाई नीरज के अनुसार वर्ष 2022 में भी परिवार ने रिश्ते को बचाने के लिए गौतम को 20 लाख रुपए दिए, लेकिन उसकी प्रताड़ना खत्म नहीं हुई। वर्ष 2023 में वह अनु के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ गया। परिवार ने समझाइश की तो उसने माफी मांग ली और सुधारने का भरोसा दिया, लेकिन हालात नहीं बदले।
परिवार का आरोप है कि गौतम के साथ शराब पीने वाला उसका दोस्त मनीष मीणा भी उसे उकसाता था। उधर, अक्टूबर 2025 में हालात और खराब हो गए। अनु ने अपनी मां माया देवी को फोन कर रोते हुए बताया था कि गौतम का घर में काम करने वाली महिला के साथ संबंध है। विरोध करने पर वह उसे बेरहमी से पीटता है। फोन पर अनु बार-बार कहती रही मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो वह मुझे मार डालेगा। भाई का आरोप है कि पति की प्रताड़ना और लगातार मानसिक टॉर्चर से परेशान होकर 7 अप्रेल को अनु ने मौत को गले लगा लिया। बेटी को खोने के बाद परिवार सदमे में है और आरोपी पति अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर है।
Updated on:
26 May 2026 05:18 pm
Published on:
25 May 2026 08:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
