
जयपुर। राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में चल रही वोटिंग के दौरान कई जगहों से विवाद और हंगामे की खबरें सामने आई है। दूदू में मतदान के बीच दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। वहीं, अलवर में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों का सिर फोड़ दिया। इसके अलावा झुंझुनूं, सीकर, बाड़मेर सहित कई जिलों में भी कई पोलिंग बूथों पर हंगामा हुआ।
जयपुर के दूदू में बिंजोलाव गांव की सरकारी स्कूल के बूथ नंब एक पर वार्ड एक के निर्दलीय प्रत्याशी सलीम और कांग्रेस उम्मीदवार इशाक के समर्थकों में फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हाथापाई हो गई। कुछ ही देर में बवाल इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे चले। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया। साथ ही पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है।
इस घटना के बाद कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पुलिस प्रशासन पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने एक्स पर लिखा कि दूदू नगर पालिका के वार्ड संख्या एक में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच झगड़ा-मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। राजस्थान नगर निगम चुनाव में फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव आयोग खुद प्रशासन के साथ मिलकर लोकतन्त्र के साथ खिलवाड़ कर रहा है। हमारे देश कि इस पैसा फ़ेक तमाशा देख वाली व्यवस्था में कब सुधार आएगा।
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में बुधवार सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर कुछ उपद्रवियों ने हमला कर दिया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार मनोज शर्मा अपनी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक ला रहे थे, तभी निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों से उनकी तीखी बहस हो गई और मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोलिंग बूथ के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
झुंझुनूं नगर परिषद सहित जिले की बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, इंड लोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी नगरपालिका में सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। झुंझुनूं में वार्ड संख्या 2 के मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की खबर है। नोबल पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 3 युवकों को हिरासत में लिया है।
बाड़मेर में नगर निकाय के मतदान के दौरान वार्ड नंबर 13 में पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। सूचना पर ASP नितेश आर्य समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों पक्षों समझाकर मामला शांत करवाया।
जोधपुर जिले के बालेसर दुर्गावता में वार्ड 23 और 25 के मतदान केंद्र में दो पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया। साथ ही दोनों पक्षों को बूथ स्थल से हटाया गया।
अलवर के वार्ड 43 में बीजेपी प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके दोनों बेटों पर निर्दलीय कैंडिडेट अजय मीरवाल के समर्थकों से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। घायल मोहित और लोकेश जांगिड़ ने बताया कि सुबह 5 बजे वोटिंग से पहले उन्होंने हमारे साथ मारपीट की। गाड़ी में तोड़फोड़ की। लोकेश के सिर में 15 टांके आए हैं। जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सूर्य नगर में प्राइड स्कूल पोलिंग बूथ पर पुलिस जाब्ता बढ़ाया है।
जालोर में वार्ड 34 के मतदान केंद्र पर युवक दूसरे के नाम से वोट डालने पहुंचा। बाहर निकलते ही प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और जमकर मारपीट की। इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पुखराज माली ने कोतवाली में रिपोर्ट दी है।