राजस्थान में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी बढ़ी है। सर्द हवाओं के असर से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। शनिवार को 26 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट पर आ गया।
Rajasthan Weather: जयपुर: राजस्थान में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तरी हवाओं के चलने से प्रदेश के कई हिस्सों में रात के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को राज्य के 26 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन 26 शहरों में से सात शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पाली में 3.4 डिग्री रहा। इसके अलावा वनस्थली में 4.8 डिग्री, सीकर में 5 डिग्री, माउंट आबू और अंता में 4.5 डिग्री तथा दौसा में 4.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री तक नीचे चला गया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
राजधानी जयपुर में भी सर्दी का असर बढ़ गया है। शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.8 डिग्री की गिरावट को दर्शाता है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन और रात के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन सर्द हवाओं के चलते रात की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है।
ये भी पढ़ें