Rajasthan Yellow Alert: मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे में झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, डीग, चूरू और सीकर जिलों में कहीं-कहीं 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
Rajasthan Weather Update: जयपुर. राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन घंटे के भीतर तेज बारिश, धूलभरी आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे में झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, डीग, चूरू और सीकर जिलों में कहीं-कहीं 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं जयपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, हनुमानगढ, श्रीगंगानगर और कोटपूतली-बहरोड़ समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी है।
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 28 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आगामी दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। खासकर उत्तर और पूर्वी राजस्थान के जिलों में तेज अंधड़ और मेघगर्जन की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 29 मई से आंधी-बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चल सकता है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 30 और 31 मई को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई जिलों में तेज मेघगर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह तक भी कुछ इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है।
आंधी और बारिश के असर से प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है। इससे 30 मई के बाद लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।