जयपुर

राजस्थान का फिर बढ़ा मान, विनोद जाखड़ के बाद अब एक और युवा नेता की ‘राष्ट्रीय’ नियुक्ति, जानें कौन हैं ये? 

राजस्थान की माटी ने एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में अपनी धमक दिखाई है। विनोद जाखड़ को NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के ठीक बाद, राजस्थान के एक और युवा चेहरे राहुल यादव को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2 min read
Feb 22, 2026
Feature image

जयपुर/दिल्ली। राजस्थान में छात्र राजनीति से लेकर युवा राजनीति तक, कांग्रेस आलाकमान का भरोसा लगातार प्रदेश के युवाओं पर बढ़ रहा है। हाल ही में जयपुर के विनोद जाखड़ को देश के सबसे बड़े छात्र संगठन NSUI की कमान सौंपने के बाद अब युवा कांग्रेस ( Youth Congress ) के सक्रिय नेता राहुल यादव ( Rahul Yadav ) को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट किया गया है। राहुल यादव की नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर के तौर पर यह नियुक्ति राजस्थान के उन कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा संदेश है जो जमीनी स्तर पर पार्टी की विचारधारा को सोशल मीडिया और मुख्यधारा की मीडिया में मजबूती से रखते आए हैं।

मध्य प्रदेश की अहम जिम्मेदारी

राहुल यादव को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाने के साथ ही मध्य प्रदेश का मीडिया प्रभारी भी बनाया गया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में आगामी समय में संगठनात्मक विस्तार और विपक्षी घेराबंदी के लिहाज से मीडिया की भूमिका बेहद अहम है। राहुल यादव अब वहां युवा कांग्रेस की बात को जनता तक पहुंचाने और पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने का काम करेंगे।

नेतृत्व का आभार, 'पूरी निष्ठा से करूंगा काम': यादव

अपनी नियुक्ति के बाद राहुल यादव ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और युवा कांग्रेस के आलाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, "हमारे नेता राहुल गांधी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब जी और मीडिया चेयरमैन वरुण जी का मैं धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ। आपने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करके पार्टी को मजबूती प्रदान करूँगा।"

Rahul Yadav with Rahul Gandhi

इन महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं

राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति से पहले राहुल यादव कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वे फिलहाल राजस्थान युवा कांग्रेस में प्रदेश महासचिव और बीकानेर के ज़िला प्रभारी का पद संभाल रहे थे। साथ ही जयपुर जिला कांग्रेस कमिटी में महासचिव भी रहे हैं। इससे पहले जयपुर स्थित श्री खंडेलवाल पीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

राहुल यादव: मीडिया मैनेजमेंट में माहिर

राहुल यादव को राजस्थान युवा कांग्रेस में लंबे समय तक मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन का अनुभव रहा है। उनके काम करने के अंदाज और 'राहुल गांधी की विचारधारा' के प्रति उनकी स्पष्टता को देखते हुए ही उन्हें मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Rahul Yadav

राजस्थान का दिल्ली में बढ़ता 'कद'

पिछले कुछ महीनों में राजस्थान से कई नियुक्तियां राष्ट्रीय स्तर पर हुई हैं।

विनोद जाखड़: NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष।

राहुल यादव: यूथ कांग्रेस नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर (प्रभारी मध्य प्रदेश)।

अन्य नेता: कई अन्य सचिव और कोऑर्डिनेटर भी राजस्थान से एआईसीसी (AICC) में सक्रिय हैं। यह नियुक्तियां दर्शाती हैं कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आलाकमान राजस्थान के युवा नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर 'एक्सपोज़र' देकर तैयार कर रहा है।

Updated on:
22 Feb 2026 01:45 pm
Published on:
22 Feb 2026 01:42 pm