
Heavy Rain in Rajasthan: जयपुर। राजस्थान के कई जिलों में इन दिनों भारी व अत्यंत भारी बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार को कई स्थानों पर बाढ की स्थिति पैदा हो गई। कोटा में तो सेना ने मोर्चा संभाल रखा है।
इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार को दोपहर बाद चार जिलों में रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। इससे प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड़ में आ गया है।
मौसम विभाग ने 23 अगस्त को राजस्थान में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और आसमान से झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि कोटा संभाग और आसपास के जिलों में आज कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए कोटा, बारां, बूंदी और भीलवाड़ा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश का दौर इतना तेज़ रहने का अनुमान है कि सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
विभाग ने बताया कि जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में अति भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। वहीं, अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और बांधों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। बीसलपुर और कोटा बैराज जैसे बड़े बांधों में पानी की आवक और निकासी दोनों बढ़ सकती है।
राज्य में भारी बारिश अलर्ट
-पिछले 24 घंटों में कोटा, बारां, बूंदी जिलों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश दर्ज। सर्वाधिक बारिश 502 मिमी नैनवा, बूंदी में दर्ज की गई है।
-आज भी परिसंचरण तंत्र द.प. यूपी व आसपास के पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन भी राज्य से होकर गुजर रही है।
-आज 23 अगस्त को कोटा संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश, जयपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं अति भारी बारिश व शेष भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
-भारी, अति भारी व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की गतिविधियां दक्षिणी व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 24 अगस्त को भी जारी रहने की प्रबल संभावना है।
-दक्षिणी व दक्षिण-पश्चिमी भागों में भारी, अति भारी बारिश का दौर 25-26 अगस्त को दर्ज होने की प्रबल संभावना है।
-पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश आगामी 4-5 दिन दर्ज होने की प्रबल संभावना है।