जयपुर

बारिश से पुलिया टूटी, मण्डरायल-करणपुर मार्ग बंद

Aug 17, 2026
Rajasthan

करणपुर. क्षेत्र में बारिश के चलते शनिवार शाम मण्डरायल-करणपुर सडक़ मार्ग पर टोडा-सिमारा गांव के समीप पुलिया टूट गई। पुलिया में लगे पाइप भी बारिश के तेज बहाव में बह गए। सडक़ के बीचों-बीच गहरी खाई बन जाने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिया टूटने से मण्डरायल-करणपुर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्तों से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर तत्काल कार्रवाई कर पुलिया की मरम्मत कराने और आवागमन बहाल करने की मांग की है।

इधर, करणपुर-बालेर सडक़ मार्ग पर भी फजीतपुरा नाले में तेज बारिश का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इसके चलते लोगों का आवागमन कई घंटे तक बाधित रहा। पानी कम होने के बाद ही रास्ते से आवागमन शुरू हो सका। वहीं कस्बे के समीप करणपुर घाटी में भी शनिवार शाम बारिश के दौरान सडक़ पर पत्थर और मिट्टी आ जाने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। सूचना पर घाटी में निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से मलबा हटवाया, जिसके बाद रास्ते पर आवागमन बहाल हो सका।





करणपुर. टोडा-सिमारा गांव के समीप टूटी पुलिया और बहे पाइप।

करणपुर. घाटी में बहता पानी और आया मलबा।

Updated on:
17 Aug 2026 06:01 am
Published on:
17 Aug 2026 06:01 am