
RPSC Paper Exam Leak : राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि पेपर लीक का मुख्य आरोपित सुरेश ढाका ऑफलाइन ही नहीं, ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कराने वाला मास्टर माइंड है। सुरेश ढाका के तार विदेशों में हैकर्स से जुड़े हैं। ढाका ने राज्य में होने वाली ऑनलाइन परीक्षाओं में फर्जीवाड़े किए हैं। सीएमओ में नियुक्त आईएएस अधिकारी के भी ढाका से संबंध हैं। टीसीएस एजेंसी के राजस्थान हैड से ढाका के संबंध हैं।
किरोड़ी ने आरोप लगाया कि ढाका ने आईटी एक्सपर्ट महेंद्र विश्नोई के साथ मिलकर एक दर्जन से अधिक ऑनलाइन परीक्षाओं के फर्जीवाड़ा किया है। राज्यसभा सांसद ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में आरोप लगाते हुए कहा कि 6 विधायक भी ढाका के साथ पेपर लीक में लिप्त हैं। वहीं एक मंत्री, एक पूर्व विधायक, मंत्री सुखराम विश्नोई के पीए मनोहर विश्नोई और जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भी इसमें शामिल हैं।
यह भी लगाए आरोप
19 जनवरी को जयपुर कूच की चेतावनी
किरोड़ी ने चेतावनी दी है कि सरकार ने अगर मामले में ठोक कदम नहीं उठाए तो 19 जनवरी को दौसा से हजारों युवाओं के साथ जयपुर कूच करेंगे और जब तक मांग पूरी नहीं होती सीएम आवास पर अनिश्चितकालीन धरने पर रहेंगे।
एसओजी ने नहीं की सही से जांच
किरोड़ी ने कहा कि यदि एसओजी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा लीक की जांच सही ढंग से करती तो वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा का पेपर लीक नहीं होता। कांस्टेबल भर्ती लीक मामले में ऑनलाइन परीक्षा कराने वाली कम्पनी के हैड से एसओजी कठोरता से पूछताछ करती तो सुरेश ढाका का नाम उसी समय सामने आ जाता। मीणा ने आरोप लगाया कि एसओजी के सीआई ने 50 लाख रुपए लेकर कांस्टेबल भर्ती लीक मामले में से ढाका का नाम निकाल दिया, वहीं ग्राम विकास अधिकारी पेपर लीक मामले में भी यही किया गया। सीआई के संबंध भूपेन्द्र सारण की गर्लफ्रेंड से रहे हैं।