जयपुर

Jaipur Murder Case: अन्नू गुर्जर मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा, कॉल गर्ल की वजह से हुआ था विवाद

Jaipur Ikka Club Murder Case: न्यू आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में हुई अन्नू गुर्जर की हत्या की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए है। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात से पहले क्लब में शराब पार्टी चल रही थी और वहां एक कॉल गर्ल भी मौजूद थी।
2 min read
Jul 15, 2026
Jaipur Ikka Club Murder Case
आरोपी अनुज और मृतक अन्नू। पत्रिका फाइल फोटो

Annu Gurjar Murder Case: जयपुर। न्यू आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में हुई अन्नू गुर्जर की हत्या की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए है। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात से पहले क्लब में शराब पार्टी चल रही थी और वहां एक कॉल गर्ल भी मौजूद थी। नाचने के दौरान कॉल गर्ल को धक्का लगने से गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इसी झगड़े में अन्नू गुर्जर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वहीं क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरे की एक फुटेज भी बाहर आई है, जिसमें क्लब की छत पर ही एक युवक व युवती अभद्र हरकत करते नजर आ रहे है। वहीं पुलिस वारदात की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस ने बताया कि अनुज व अन्य गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि कॉल गर्ल को मनीष नाम के नौकर के जरिए बुलाया था। वारदात के बाद कॉल गर्ल भी भाग गई। अब पुलिस कॉल गर्ल और मनीष दोनों की तलाश कर रही है, क्योंकि दोनों से पूछताछ के बाद विवाद की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी। उधर, वारदात के बाद आरोपी अनुज के भाग गए साथी भरतपुर निवासी आकाश गुर्जर उर्फ क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर, गजेन्द्र गुर्जर की तलाश में पुलिस की टीमें जयपुर से बाहर भेजी गई है।

क्लब संचालन और पुलिस निगरानी पर सवाल

वारदात ने यह भी उजागर किया कि शहर के बीचोंबीच सातवीं मंजिल पर देर रात तक पार्टी चलती रही लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पार्टी में मौजूद लोगों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। मौके से तीन बाउंसर, दो अन्य लोगों को भी शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया तथा एक कार जब्त की गई है। क्लब के संचालकों और साझेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पहले कर्मा क्लब और अब इक्का क्लब में देर रात होने वाली गतिविधियों की निगरानी में आखिर चूक कहां हुई।

ओपन जेल से भागे कैदी को भरतपुर पुलिस लेकर गई

भरतपुर की ओपन जेल में दो हत्याकांड में सजा काट रहे कुलदीप गुर्जर व बलात्कार के मामले में सजा काट रहे राजेश गुर्जर फरार होकर जयपुर आ गए थे। कुलदीप हत्या का शिकार अन्नू गुर्जर का ममेरा भाई है और अन्नू को अपने साथ इक्का क्लब लेकर आया था। अन्नू जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। भरतपुर पुलिस ओपन जेल से फरार दोनों आरोपियों को ले जाने के लिए जयपुर पहुंच गई और बुधवार को कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को अपने साथ भरतपुर ले जाएगी।

Updated on:
15 Jul 2026 06:49 am
Published on:
15 Jul 2026 06:49 am