14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: होटल के कमरे में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव

राजस्थान के नागौर जिले में एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
2 min read
Google source verification

नागौर

image

Kamal Mishra

Jul 14, 2026

Nagaur Crime

Nagaur: होटल में युवती ने की आत्महत्या (फोटो-एआई जेनरेटेड)

नागौर। शहर के रोडवेज डिपो इलाके में मंगलवार को एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार, युवती मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकली थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि उसने शिक्षक भर्ती परीक्षा देने के बहाने डीडवाना बायपास इलाके में बीकानेर रोड स्थित एक होटल में कमरा लिया था।

होटल प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना

दोपहर करीब दो बजे होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ, क्योंकि काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

बेडशीट के फंदे से लटकी मिली युवती

पुलिस मौके पर पहुंची और होटल रजिस्टर में दर्ज जानकारी के आधार पर युवती के परिजनों को भी बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद भी जब कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस ने उनकी मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर युवती बेडशीट का फंदा बनाकर पंखे से लटकी हुई मिली।

यह वीडियो भी देखें :

जेएलएन अस्पताल में हुआ पोस्टमॉर्टम

इसके बाद पुलिस और परिजनों ने शव को नीचे उतारकर नागौर के जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पिता की शिकायत पर केस दर्ज

युवती के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से ऐसा कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता चल सके। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल में ठहरने, घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आते हैं तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।