
Nagaur. The main road from Lodho ka Chowk to Mahi Darwaza is riddled with patches of broken pavement and deep potholes. Motorists are forced to navigate the dilapidated road with caution.
शहर के प्रमुख मार्ग की उखड़ी सडक़ ने बढ़ाई मुश्किलें, बरसात में और बिगड़ेंगे हालात, जिम्मेदारों की कार्यशैली संदेहों के घेरे में
नागौर. शहर के लोढ़ो का चौक से माही दरवाजा जाने वाले मुख्य मार्ग की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। सडक़ की डामर परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, और कई जगह बने गहरे गड्ढे अब राहगीरों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि हादसों का कारण भी बनते जा रहे हैं। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल है, जहां पूरे दिन दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से सडक़ की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
हर कुछ कदम पर गड्ढे, बचना मुश्किल
मार्ग पर स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को हर कुछ कदम पर गड्ढों से बचते हुए निकलना पड़ता है। कई जगह सडक़ की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे पत्थर बाहर निकल आए हैं। दोपहिया वाहन चालक संतुलन बिगडऩे के डर से धीमी गति से चलने को मजबूर हैं, जबकि चारपहिया वाहन भी झटकों के साथ गुजर रहे हैं। सडक़ की हालत देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं कि इसकी लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई है। अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है, लेकिन सडक़ की मौजूदा स्थिति आगे और गंभीर परेशानी का संकेत दे रही है। बारिश का पानी गड्ढों में भरने के बाद उनकी गहराई नजर नहीं आएगी। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में इसी मार्ग पर वाहन फंसते हैं और लोग चोटिल होते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
व्यापार और आवागमन दोनों प्रभावित
यह मार्ग शहर के पुराने बाजार क्षेत्र को जोड़ता है। दिनभर ग्राहकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। खराब सडक़ के कारण वाहन धीरे-धीरे निकलते हैं, जिससे कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है। धूल, गड्ढे और उखड़ी सडक़ के कारण आसपास के व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग की यह स्थिति शहर की बदहाल आधारभूत व्यवस्थाओं की तस्वीर पेश कर रही है।
मरम्मत नहीं, केवल इंतजार
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सडक़ की मरम्मत की मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। जिम्मेदारों की कार्यशैली संदेहों के घेरे में है, क्योंकि शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सडक़ की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सडक़ का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान हालात और ज्यादा खराब हो जाएंगे। राहगीरों में विनोद कच्छावा, गोपाल , नरेश , जफर हुसैन, महेंद्र जांगिड़, सुरेश भंडारी और रियाज मोहम्मद ने बताया कि सडक़ की जर्जर हालत के कारण हर दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सडक़ का पुनर्निर्माण कराने, गड्ढे भरने और बारिश से पहले स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
नागौर. लोढ़ो का चौक से माही दरवाजा जाने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह उखड़ी सडक़ और बने गहरे गड्ढे। जर्जर सडक़ पर वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है
Updated on:
14 Jul 2026 10:23 pm
Published on:
14 Jul 2026 10:22 pm
