जयपुर

Watch: देसी-विदेशी फूलों के बीच विराजे श्रीकृष्ण-बलराम, एक झलक पाने को आतुर दिखे भक्त

नित्यानंद त्रयोदशी पर जगतपुरा स्थित श्री कृष्ण बलराम मंदिर, हरे कृष्ण मूवमेंट में बड़ी संख्या में भक्त भक्ति रस में डूबे नजर आए।
less than 1 minute read
Feb 23, 2024
Watch: देसी-विदेशी फूलों के बीच विराजे श्रीकृष्ण-बलराम, एक झलक पाने को आतुर दिखे भक्त
श्री कृष्ण बलराम मंदिर, हरे कृष्ण मूवमेंट जगतपुरा जयपुर


जयपुर। रंग-बिरंगे फूलों की बौछार जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण-बलराम पर हुई तो पूरा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। मौका था जगतपुरा स्थित श्री कृष्ण बलराम मंदिर, हरे कृष्ण मूवमेंट में नित्यानंद त्रयोदशी का, जिसमें हर कोई भक्ति रस में डूबा नजर आया। छोटी काशी में फागुन का महीना शुरू होने से पहले ही फागोत्सव का उल्लास चरम पर है। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। दिनभर भक्तों ने भगवान के पवित्र नाम का जाप करते हुए कीर्तन पर नृत्य किया और भक्ति रस धारा का आनंद लिया। इस मौके पर भगवान श्रीकृष्ण बलराम का फूलों से विशेष शृंगार किया गया। मंदिर में गुलाब, ऑर्किड, कारनेशन, मधुकाम्नी, जाफरी, कनेर, मोगरा, डेजी, देहलिया के फूलों से झांकी सजाई गई।
पालकी उत्सव की धूम
हरे कृष्ण कल्चर सेंटर के सुधर्मा हॉल में शाम को गौर निताई का विशेष पालकी उत्सव मनाया गया। इसके बाद गौर निताई के विग्रह का पंचगव्य, 21 फलों के रस, औषधियों एवं पुष्पों से महाभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। मंदिर में विशेष तुलसी पूजन कर भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। मंदिर के अध्यक्ष अमितासन दास ने बताया कि चैतन्य महाप्रभु ने नित्यानंद प्रभु को अपना सर्वोत्तम भक्त स्वीकार किया है। नित्यानंद महाप्रभु सभी जीवों के लिए गुरुतत्व है। बता दें कि गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय में माघ मास की त्रयोदशी को श्रील नित्यानंद महाप्रभु के आविर्भाव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पाटोत्सव पर निकलेगी कलश यात्रा
श्री राधा-कृष्ण मंदिर तारों की कूट, टोंक रोड का पाटोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। कल सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे ठाकुरजी का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष शृंगार किया जाएगा। सत्यनारायण भगवान की कथा के बाद आरती कर प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Updated on:
23 Feb 2024 12:59 pm
Published on:
23 Feb 2024 12:58 pm