जयपुर

Jaipur Road: जयपुर में यहां 160 फीट चौड़ी होगी सड़क, 300 से अधिक दुकान-मकानों पर चलेगा बुलडोजर; डिमार्केशन शुरू

Jaipur 160 Feet Road : जयपुर शहर की ट्रैफिक लाइफ लाइन मानी जाने वाली सिरसी रोड पर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जेडीएम ने गुरुवार से डिमार्केशन शुरू कर दिया है।
3 min read
Apr 16, 2026
jaipur road news-1
Photo: AI generated

जयपुर। जयपुर शहर की ट्रैफिक लाइफ लाइन मानी जाने वाली सिरसी रोड पर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेडीए ने सिरसी पुलिया से सिरसी मोड़ तक 160 फीट चौड़ी सड़क बनाने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों की पहचान कर जेडीए की टीम ने लाल निशान लगाने शुरू कर दिए है। ऐसे में साफ है कि जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी।

जेडीए की टीमों ने गुरुवार से सिरसी रोड पर सड़क की चौड़ाई नापने के साथ ही लाल निशान लगाने शुरू कर दिए है। सड़क सीमा में आ रहे 300 से ज्यादा निर्माणों पर जेडीए की टीम लाल निशान लगाएगी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। अवैध अतिक्रमणों को हटाने के बाद 160 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और जयपुरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

300 से अधिक दुकान और मकानों पर चलेगा बुलडोजर

बता दें कि सिरसी रोड 200 फीट पुलिया से सिरसी मोड़ तक करीब 4.5 किलोमीटर के हिस्से में सड़क को 160 फीट चौड़ा करने योजना है। ऐसे में रिसोर्ट, मैरिज गार्डन सहित 300 से अधिक दुकान और मकानों पर बुलडोजर चलेगा। हालांकि, बुलडोजर एक्शन से पहले जेडीए अधिकारियों ने अतिक्रमियों से समझाइश की। करीब डेढ़ महीने से जेडीए की 14 टीमें इलाके में घूमकर लगातार व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर रही है। ​जिसके चलते कई व्यापारियों ने खुद ही अपनी दुकानें हटानी ली है, ताकि नुकसान कम हो।

व्यापारियों ने मांगी थी 15 दिन की मोहलत

इससे पहले बुधवार को जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बैठक ली। जिसमें स्थानीय व्यापारियों ने एक एक कर समस्याएं गिनाई। साथ ही सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाने के लिए 15 दिन की मोहलत मांगी। जिस पर जेडीसी ने साफ कहा कि यह प्रक्रिया हाईकोर्ट के आदेश पर चल रही है। इस दौरान व्यापारियों ने मुआवजे और पुनर्वास की मांग रखी, जिस पर जेडीसी ने कहा कि दोनों ही मांगें राजस्थान सरकार से संबंधित हैं।

ये है पूरा मामला

राजस्थान हाईकोर्ट ने जयपुर में 200 फीट बाइपास से सिरसी मोड़ तक करीब 4.5 किमी में सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप 160 फीट चौड़ा करने के निर्देश दिए थे। अभी मौके पर सड़क मौके पर सड़क 80 से 60 फीट ही चौड़ी है। हाईकोर्ट में जेडीए को 13 मई तक पालना रिपोर्ट पेश करनी है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेडीए ने जोन स्तर पर सर्वे किया और अतिक्रमण चिन्हित किए। साथ ही प्रवर्तन शाखा ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए। अब गुरुवार से डिमार्केशन शुरू हो गया है।

जयपुर में फिर होगा जेडीए का बड़ा एक्शन

जयपुर में लगातार दूसरे साल जेडीए का बड़ा एक्शन होने वाला है। इससे पहले पिछले साल अप्रैल महीने में जेडीए ने इसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड मोड़ तिराहे से 200 फीट बाइपास तक 200 से अधिक निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया था।

Updated on:
16 Apr 2026 01:58 pm
Published on:
16 Apr 2026 01:57 pm