जयपुर

पुरवाई हवा ने बदली पारे की चाल.. जानिए कहां मैदानी इलाकों में उतरी पहाड़ों की सर्दी…

पूर्वी मैदानी इलाकों में माउंटआबू से भी ज्यादा सर्द रहा मौसम
2 min read
Oct 15, 2024
Cold nights in UP know weather updates

जयपुर। प्रदेश में अगले एक पखवाड़े में सर्दी की रंगत परवान चढ़ने वाली है। प्रदेश के कई जिलों में अब दिन में पारा सामान्य के आस पास दर्ज होने लगा है वहीं रात के तापमान में भी गिरावट से गुलाबी सर्दी का असर लोगों को सुबह शाम में महसूस होने लगा है। प्रदेश में शेखावाटी अंचल में गुलाबी सर्दी की रंगत लगातार बढ़ने लगी है और बीती रात अंचल में मौसम का मिजाज माउंट आबू से भी ज्यादा सर्द रहा है। अरब सागर में बने रहे चक्रवाती तंत्र का असर भी प्रदेश के मौसम में दिखाई दे रहा है जिसके चलते आज भी कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग जता रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तर पूर्व और उत्तरी इलाकों में कम वायुदाब क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही प्रदेश में अब पुरवाई हवाएं चलने से पारे में गिरावट दर्ज होने लगी है। हालांकि अब भी पश्चिमी इलाकों में मौसम शुष्क है और दिन में पारा सामान्य से 5-6 डिग्री तक अधिक दर्ज हो रहा है लेकिन अगले एक पखवाड़े में पारे में गिरावट के साथ ही गुलाबी सर्दी की रंगत भी बढ़ने वाली है। ऐसे में दीपोत्सव पर्व तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज सर्द होने की संभावना है।

बीती रात पारे में गिरावट
पिछले 24 घंटे में श्रीगंगानगर, संगरिया, फलोदी, बीकानेर, बाड़मेर, पिलानी, करौली जिले में मौसम शुष्क रहा और दिन में पारा 35 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। शेखावाटी अंचल समेत कई जिलों में रात के तापमान में हुइ गिरावट से सर्द मौसम का अहसास लोगों को होने लगा है।
बीती रात शेखावाटी अंचल में पारे में आई गिरावट ने गुलाबी सर्दी की रंगत को बढ़ा दिया। सीकर जिले में फतेहपुर कस्बा 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। वहीं माउंटआबू 18, और संगरिया में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अलवर में भी रात में पारा 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिलानी 18.5, अजमेर 20.8, सीकर 15.5 धौलपुर 20.9 करौली 20.8, चूरू 17.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में आज सुबह से छितराए बादल छाए नजर आए। हालांकि हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहने पर सूर्योदय के बाद खिली धूप की चुभन लोगों को सुबह से ही महसूस होने लगी है। जयपुर में बीती रात पारा आंशिक वृद्धि के साथ 24.3 डिग्री सेल्सियस दज हुआ। मौसम विभाग ने आज शहर में धूप की आंखमिचौनी रहने और अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना जताई है।

Updated on:
15 Oct 2024 10:36 am
Published on:
15 Oct 2024 10:09 am