जयपुर

100 से अधिक अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हडकंप

स्कूल और एयरपोर्ट के बाद अस्पतालों पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी 100 से ज्यादा अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी का मेल आने से हड़कम्प मच गया।

2 min read
Aug 19, 2024

स्कूल और एयरपोर्ट के बाद अस्पतालों पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी 100 से ज्यादा अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी का मेल आने से हड़कम्प मच गया। इसमें जयपुर के कई निजी अस्पताल भी शामिल है। जयपुर में कई निजी अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। मौके पर अस्पताल पहुंची एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवॉयड ने सुबह 8.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अस्पतालों का चप्पा चप्पा छान मारा। जब कुछ नहीं मिला तो सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस अब मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। इससे पहले भी कई बार मेल करके स्कूल, कॉलेजों और एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। हर बार मामला झूठा साबित होता है।
पुलिस के मुताबिक जयपुर के निजी अस्पताल सेक्टर-4 जवाहर नगर स्थित मोनिलेक अस्पताल, त्रिवेणी फ्लाईओवर के नीचे शांति नगर में सीके बिरला, मालवीय नगर में रूंगटा हॉस्पीटल और करणी विहार धाबास स्थित मानस अस्पताल में सुबह करीब 9 बजे धमकी भरा मेल आया। मेल मिलते ही अस्पताल की ओर से पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बम की मेल पहले मोनीलेक अस्पताल में देखी गई। वहां सर्च अभियान चल रहा था, इसी दौरान सीके बिरला अस्पताल में भी बम रखे होने का मेल देखा गया।

मेल करते हुए लिखा कि बिल्डिंग में बम है
हॉस्पिटल को मेल कर धमकी दी गई कि बिल्डिंग में बम है। जो हॉस्पिटल के बेड के नीचे और बाथरूम के अंदर है। हॉस्पिटल में मौजूद सभी लोग मारे जाएंगे। कोई नहीं बच पाएगा। हर तरफ खून ही खून होगा। तुम सभी लोग मौत के ही लायक हो। इसके साथ मेल में अपनी पहचान बताते हुए लिखा आतंकवादी चिंग और कल्टिस्ट इन सब के पीछे हैं।

एटीएम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवॉयड ने छाना चप्पा चप्पा
हॉस्पिटल से जानकारी मिलने के बाद एटीएम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवॉयड टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान अस्पतालों में ओपीडी रोक दी गई और वार्ड में मरीजों के बेड के आ-पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने अस्पतालों के अंदर हर जगह की तलाशी ली। दो तीन घंटे तक चले सर्च अभियान में कुछ नही मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस अब मेल करने वाले का आईपी एड्रेस सर्च कर रही हैं।

मरीज और परिजन रहे परेशान
अस्पताल में मेल आने के बाद मरीज और उनके परिजन परेशान नजर आए। इस दौरान अस्पतालों के ओपीड़ी बंद कर दिए। अस्पताल में दिखाने के लिए आने वाले मरीजों को भी बाहर ही रोक दिया गया। इसके चलते मरीजों में घबराहट दिखी।

जयपुर के कई निजी अस्पताल में भी भेजा गया मेल
मोनिलेक, सीके बिरला, अपेक्स मालवीय नगर, मनीपाल सीकर रोड, रूंगटा व फोर्टिस मालवीय नगर, इंडस मानसरोवर, गोयल अस्पताल, बंसल हॉस्पिटल, चिरायु कालवाड़, करणी विहार धावास में मानस और बेबी लोन अस्पताल सहित कई अस्पतालों को धमकी भरे मेल भेजे गए हैं।

पहले भी स्कूल, कॉलेजों और एयरपोर्ट को मिल चुकी है धमकी
इससे पहले जयपुर में बदमाशों की ओर से कॉलेज, स्कूलों व एयरपोर्ट को बम से उड़ानें की कई बार धमकी दी जा चुकी है। 12 मई को जयपुर एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई। 13 मई को शहर की 56 निजी स्कूलों में बम होने की सूचना का मेल भेजा गया। 18 जून को चांदपोल झोटवाड़ा रोड स्थित पारीक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। 19 जून को एयरपोर्ट को उड़ाने की दूसरी बार धमकी दी गई।

Published on:
19 Aug 2024 11:52 am
Also Read
View All

अगली खबर