Rajasthan Accident: राजस्थान में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। एक ही दिन में हुए 3 भीषण सड़क हादसों ने आठ जिंदगियां छीन ली।
जयपुर। राजस्थान में मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए 3 भीषण सड़क हादसों ने कई खुशहाल परिवारों की खुशियां छीन ली। वहीं, कई लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे है। बताया जा रहा है कहीं नींद की झपकी आने की वजह से हादसा हुआ तो कहीं तेज रफ्तार का कहर जानलेवा बन गया।
जानकारी के मुताबिक अलवर, उदयपुर और झुंझुनूं जिले में मंगलवार के दिन तीन बड़े सड़क हादसे हुए। इन हादसों में पति-पत्नी समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों में 35 लोग घायल हो गए, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पतालों की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पहला हादसा झुंझुनूं जिले में मंगलवार को न्यू नेशनल हाईवे-11 पर भैंसावता के पास हुआ। जहां बारात में आए दूल्हे के तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई और एक साथी घायल हो गया। ये सभी लोग दूल्हे की एसयूवी लेकर मोई गांव से चिड़ावा जा रहे थे। तभी एसयूवी अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई और खेत में जाकर पलट गई। हादसे में उदावास निवासी संदीप कड़वासरा, तनिष्क शेखावत और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उनका साथी बाकरा निवासी अजय कुमार गंभीर घायल हो गया। जिसका झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दूसरा हादसा अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर-100 इंटरचेंज पुलिया के पास इंदौर से दिल्ली जा रही निजी बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक में घुस गई। हादसे बस ड्राइवर सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 33 लोग घायल हो गए। जिनमें से 31 घायलों को अलवर जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का ड्राइवर केबिन पूरी तरह खत्म हो गया। ड्राइवर का शव भी केबिन में बुरी तरह फंस गई। जिसके काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकला। बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
तीसरा हादसा उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर मालवा चौराहे के पास मंगलवार सुबह हुआ। जहां तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 10 साल का पोता और ट्रक ड्राइवर गंभीर घायल हो गए। इस हादसे के चलते पीछे चल रहा एक ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रेलर चालक घायल हो गया।
घटना स्थल पर पहुंची बेकरिया थाना पुलिस ने मृतक दया भट्ट और उनके दामाद पुष्पराज के शव को मालवा चौराहा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से उदयपुर एमबी अस्पताल भिजवाया। जहां पर घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।