जयपुर

जयपुर में वार्ड 146 से भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं, सिंबल मिलने के बाद भी अफसाना ने नहीं भरा पर्चा

जयपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 146 से बीजेपी का कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है। सिंबल मिलने के बाद भी अफसाना ने पर्चा ही नहीं भरा। दूसरी तरफ कांग्रेस के बागी ने पर्चा भर दिया है।
2 min read
Sep 01, 2026
BJP flags
बीजेपी (Photo - ANI)

जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 में वार्ड नंबर 146 का चुनावी समीकरण अचानक दिलचस्प हो गया है। भाजपा की ओर से इस वार्ड के लिए अफसाना को प्रत्याशी घोषित किया गया था और उन्हें पार्टी का चुनावी सिंबल भी मिल गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और मंगलवार को हुई स्क्रूटनी के बाद अब स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है कि वार्ड 146 में भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं है।

वार्ड 146 ओबीसी महिला आरक्षित सीट है। भाजपा ने अपनी प्रत्याशी सूची में इस सीट से अफसाना के नाम की घोषणा की थी। पार्टी की ओर से उन्हें सिंबल दिए जाने के बावजूद नामांकन दाखिल नहीं करने के कारण भाजपा इस वार्ड में सीधे चुनावी मुकाबले से बाहर हो गई है। अब यहां भाजपा के पास कोई अधिकृत प्रत्याशी नहीं है।

कांग्रेस से अफरोज ने भरा पर्चा

वहीं, कांग्रेस ने वार्ड 146 से अफरोज पप्पू कुरैशी को अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवार के सामने भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी नहीं होने से मुकाबले का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। हालांकि, वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी चुनाव को रोचक बना सकती है।

कांग्रेस से टिकट कटने के बाद भरा निर्दलीय पर्चा

वार्ड 146 की चुनावी तस्वीर में एक और बड़ा राजनीतिक मोड़ देखने को मिला है। कांग्रेस की निवर्तमान पार्षद शबनम खानम इलियास का पार्टी ने टिकट काट दिया। कांग्रेस ने उनकी जगह अफरोज पप्पू कुरैशी को चुनाव मैदान में उतारा। टिकट नहीं मिलने से नाराज शबनम खानम इलियास ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया और अब वह चुनावी मैदान में बनी हुई हैं।

ऐसे में वार्ड 146 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के सामने पार्टी की ही निवर्तमान पार्षद के निर्दलीय चुनाव लड़ने से चुनौती बढ़ गई है। दूसरी ओर भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी नहीं होने के कारण यहां मुकाबला और भी अलग स्वरूप ले चुका है।

यह वीडियो भी देखें :

भाजपा ने जयपुर में 8 मुस्लिम चेहरों को दिया टिकट

जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने सामाजिक और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई मुस्लिम चेहरों को भी टिकट दिया था। पार्टी ने कुल आठ मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा, जिनमें वार्ड 146 से अफसाना का नाम भी शामिल था। इसके अलावा वार्ड 19, 109, 113, 117, 128, 136 और 137 से भी मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया गया।

कांग्रेस के बागी से होगी टक्कर

भाजपा ने इस चुनाव में महिला उम्मीदवारों को भी खास प्रतिनिधित्व दिया है। पार्टी ने 150 वार्डों के लिए करीब 2500 से अधिक दावेदारों में से प्रत्याशियों का चयन किया। अब वार्ड 146 में भाजपा का प्रत्याशी नहीं होने और कांग्रेस के सामने बागी उम्मीदवार के मैदान में उतरने से यहां का चुनावी मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है।