जयपुर

Weather Forecast: मौसम में अचानक हुआ फिर बदलाव, अगले 4 दिन तक कैसा रहेगा मौसम, IMD ने दिया संकेत

Weather Forecast Rajasthan: राजस्थान में मौसम में फिर बदलाव हुआ है। हवाओं की रफ्तार कम होने के बाद छंटे बादलों ने तापमान बढ़ा दिया है। सर्द हवाएं थमने के बावजूद तापमान औसत से कम दर्ज किया गया।
2 min read
Nov 18, 2023
rajasthan_weather_update.jpg
Demo Pic

Weather forecast Rajasthan: राजस्थान में मौसम में फिर बदलाव हुआ है। हवाओं की रफ्तार कम होने के बाद छंटे बादलों ने तापमान बढ़ा दिया है। सर्द हवाएं थमने के बावजूद तापमान औसत से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तेज सर्दी से कुछ राहत मिली। शनिवार सुबह जयपुर में मौसम साफ रहा। आगामी दिनों में दिन के तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव के आसार नहीं है। अगले तीन-चार दिन तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। बारिश होने की संभावना नहीं है।


सीकर में शुक्रवार सुबह आंशिक धुंध छाई। नमी की मात्रा कम होने से न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ गया। दोपहर में धूप के कारण अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। सर्दी बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकालना शुरू कर दिया है। दुकानदारों ने गर्म कपड़ों का स्टॉक मंगवा लिए हैं। वहीं लोग काजू, बादाम, पिस्ते, अखरोट आदि खरीदने में रुचि दिखा रहे है।


पारे के रथ पर लगे ब्रेक, आसमान रहा साफ
इधर चूरू में दीपावली के बाद से ही लगातार लुढ़क रहे पारे की रफ्तार पर शुक्रवार को ब्रेक लग गए। दिन व रात के पारे में मामूली बढ़ोतरी हुई है। हालांकि शुक्रवार को सुबह हल्की धुंध छाई रही। जिससे दृश्यता 200 मीटर से भी कम रही। मगर, मौसम शुष्क व आसमान साफ रहने से बीते दो दिनों के मुकाबले लोगों को थोडी़ राहत मिली।


उत्तरी हवाओं के बहाव की रफ्तार भी कम होने से सर्दी का एहसास नहीं हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र पर दिन का अधिकतम 27.01 व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 1.09 व आद्रता 48 फीसदी रही। जबकि शहर की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर 396 रहा।

माउंट आबू में न्यूनतम तापमान सात डिग्री पहुंचा
पर्यटन स्थल माउंट आबू के सौंदर्य का दीदार करने आए सैलानी शुक्रवार सवेरे सर्द मौसम का लुफ्त उठाने को सड़क़ों, बाजारों में चहलकदमी करते देखे गए। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री व अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने से तापमापी का पारा क्रमश: 7 व 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

यह भी पढ़ें : राजस्थान के ये 3 शहर रहे सबसे ठंडे, पढ़ें लेटेस्ट मौसम अपडेट

सवेरे गर्म कपड़ों का सहारा लेने के बाद ही लोगों ने दैनिक गतिविधियां आरंभ की। कई स्थानों पर लोगों ने अलाव तापने का आनंद लिया। पहाडि़य़ों में हल्का कोहरा छाया रहा जो दिन चढ़ऩे के बाद छंट गया। नक्की झील परिक्रमा पथ, अनादरा प्वाइंट, टॉड रॉक, दादी प्रकाशमणि मार्ग, अधरदेवी, शांति शिखर, वैलेज वॉक समेत वन्यक्षेत्र की पगडंडियों पर भ्रमण करते हुए भ्रमणकारियों ने प्राकृतिक सौंदर्य के दृश्य कैमरे में कैद कर यात्रा को यादगार बनाया।

Published on:
18 Nov 2023 09:29 am