जयपुर

Weather Update : मौसम विभाग की भविष्यवाणी, राजस्थान के इन जिलों में आज बारिश की संभावना

Weather Update : मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान में गुरुवार से मौसम बदलेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज 27 नवंबर व 28 नवंबर को प्रदेश के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
2 min read
फाइल फोटो पत्रिका

Weather Update : मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान में गुरुवार से मौसम बदलेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को प्रदेश के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार आज राजस्थान के इन जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार जालोर, सिरोही, पाली, उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और अजमेर जिलों में बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।

राजस्थान : 28 नवंबर को कैसे रहेगा मौसम, जानें

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कल 28 नवंबर को राजस्थान के दौसा, जयपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और उदयपुर जिलों में भी बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान हवा की गति में भी उतार चढ़ाव रह सकता है।

फतेहपुर में रात का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज

प्रदेश में सर्दी एक बार फिर जोर पकड़ रही है। बीते एक दिन में शहरों में रात के तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को फतेहपुर में रात का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा वनस्थली में 9.3, अलवर में 6.5, पिलानी में 7.5, सीकर में 4, चूरू में 5.6, श्रीगंगानगर में 8.7, नागौर में 5.2, करौली में 7.1, दौसा में 6.5, लूणकरणसर में 4.5, झुंझुनूं में 7.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हिल स्टेशन माउंट आबू में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

अधिकतम तापमान बाड़मेर में दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बर्फीली हवाओं की वजह से प्रदेश में दिन में भी शीतलहर और सर्दी का असर बढ़ गया है। इस वजह से दिन में धूप रहने के बावजूद सर्दी से राहत कम मिल रही है। बुधवार को भी प्रदेश के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।

जयपुर मौसम : न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 27 नवंबर सुबह 7 बजे तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Updated on:
27 Nov 2025 09:39 am
Published on:
27 Nov 2025 07:42 am