जयपुर

हत्यारे को आधे घंटे में पकडने के बाद पुलिस ने कहां लगा दिए 18 घंटे

आरोपी ने चाकू से किए थे तीन वार, दिल पर लगने हुई मौत
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2018, 3:47 PM IST
jaipur
हत्यारे को आधे घंटे में पकडने के बाद पुलिस ने कहां लगा दिए 18 घंटे

जयपुर. आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर। ये स्लोगन पुलिस थाने में लिखे दिखने को मिलते है। काफी हद तक पुलिस की कार्यप्रणाली इस पर सटीक नजर आती है। लेकिन कई बार सवालियां निशान भी खडे कर देती है। ऐसा ही माजरा देखने को मिला विश्वकर्मा पुलिस थाना में। यहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के आरोपी को आधा घंटे बाद ही पकड़ लिया लेकिन उसकी गिरफ्तारी दिखाने के लिए कागजी कार्रवाई में 18 घंटे लगा दिए। दरअसल, सोमवार रात करणी विहार में उत्तरप्रदेश निवासी मजदूर अजय और विजय चौधरी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। तभी दोनों में विवाद हो गया और विजय ने चाकू घोंप कर अजय की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आधा घंटे बाद ही विजय (25) को पकड़ लिया लेकिन मंगलवार को उसकी गिरफ्तारी दिखाई है।

मृतक को घसीटते हुए ले गया आरोपी
एडीसीपी पश्चिम रतन सिंह ने बताया कि एक ही मकान में ऊपर व नीचे दोनों के कमरे थे। ऊपर अजय के कमरे में रात को दोनों ने साथ शराब पी। मजदूरी के रुपयों को लेकर दोनों में विवाद हुआ तो अजय ने विजय के थप्पड़ मार दिया। इससे तैश में आकर विजय अपने कमरे से चाकू ले आया और अजय पर तीन वार कर दिए। एक वार उसके सीने पर दिल तक लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उसे घसीटता हुआ नीचे भी ले आया लेकिन जब पता चला कि वह मर गया तो मौके से भाग गया। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू तलाश रही है। इस संबंध में मकान मालकिन ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है।

बढ रहा क्राइम

शहर में क्राइम का ग्राफ दिनों दिन बढता जा रहा है; लूट, डकैती, चोरी की घटनाओं से आमजन सहमा हुआ है, कई जगह घटित घटनाओं पर भी पुलिस की कार्यशैली पर सवालियां निशान खडे हो चुके है।

Published on: