
चेन्नई. मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर डॉ. ए. अमलराज के आदेश पर जारी अभियान के तहत पुदु वन्नारपेट इलाके में गैर-कानूनी तरीके से शराब की बोतलें जमा करने और बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 180 एमएल की 12 शराब की बोतलें और 500 रुपए नकदी बरामद की। पुदु वन्नारपेट पुलिस स्टेशन की टीम ने मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर शनिवार सुबह ‘जे’ ब्लॉक, सुनामी रेजीडेंस के पास निगरानी शुरू की। उसी दौरान शक होने पर वहां खड़ी एक महिला की तलाशी ली गई उसके बैग में शराब की बोतलें मिली। महिला को हिरासत में लेकर न्यू वाशरमैनपेट पुलिस स्टेशन ले जाया गया और मामला दर्ज किया गया।
कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया
गिरफ्तार महिला की पहचान न्यू वाशरमैनपेट की सुनामी रेजीडेंस निवासी आरोग्य मैरी (32) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ पहले से ही शराब बेचने के तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे कस्टडी में भेज दिया गया।