जयपुर

जीका वायरस के तीन नए मरीज, कम हुआ फोगिंग का दायरा

www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Oct 30, 2018
zika
zika virus

जयपुर। राजधानी में सोमवार को जीका वायरस पॉजिटिव तीन नए मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर अब शहर में जीका के मरीजों की संख्या 153 हो गई है। चिकित्सा विभाग का दावा है कि पॉजिटिव मरीजों में से 147 मरीज उपचार के बाद पूरी तरह जीका मुक्त हो चुके हैं। इनके अलावा अन्य मरीजों में भी गंभीर स्थिति में कोई मरीज नहीं है। चिकित्सा विभाग की ओर से शास्त्री नगर में चलाया जा रहा स्क्रीनिंग कार्यक्रम लगातार जारी है, जिसमें शहर की डिस्पेंसरियों के चिकित्सक भी लगाए गए हैं।

अब सिर्फ खानापूर्ति:
उधर, शहर में जीका वायरस के मरीज लगातार सामने आने के बावजूद जयपुर नगर निगम की ओर से कराई जा रही फोगिंग अब सिर्फ खानापूर्ति से ज्यादा नहीं दिख रही। जब जीका वायरस का प्रभाव बढ़ रहा था तो निगम की ओर से करीब 10 वार्डों में फोगिंग करवाई जा रही थी, लेकिन अब यह दो वार्डों में सिमटकर रह गई है। सोमवार को विद्याधर नगर के वार्ड नंबर 9 और 10 में फोगिंग की गई। फोगिंग को लेकर लोगों मेें नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि फोगिंग सिर्फ मुख्य मार्गों तक ही सीमित है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. गर्ग इस बारे में कुछ भी बताने से बचते दिखाई देते हैं।

आज वार्ड नंबर 24 और 82 में होगी फोगिंग:
उपायुक्त, स्वास्थ्य विनोद पुरोहित ने बताया कि मंगलवार को वार्ड नंबर 24 और 82 में फोगिंग करवाई जाएगी। फोगिंग वाले क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की गई है कि वे फोगिंग के दौरान अपने घर, दुकानों, प्रतिष्ठानों के खिड़की व दरवाजों को खुला रखें। खाने-पीने की वस्तुओं को ढककर रखें, जबकि अस्थमा रोग से पीडि़त लोग फोगिंग के धुएं से दूर रहें।

Published on:
30 Oct 2018 08:19 am