जैसलमेर

Rajasthan Accident: बाइक से टकराते ही कार में लगी आग, युवक की मौत, गेट लॉक होने से 3 लोगों की जान पर बन आई

मोहनगढ़ क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नेहड़ाई गांव के पास रात करीब 9 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
2 min read
Jul 19, 2026
Jaisalmer Road Accident
हादसे के बाद कार में लगी आग। फोटो: पत्रिका

जैसलमेर। मोहनगढ़ क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नेहड़ाई गांव के पास रात करीब 9 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। हालांकि कार में सवार दोनों व्यक्ति समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार हादसे में नेहड़ाई गांव निवासी फकीरा राम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जैसलमेर जिले की नेहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

हादसे के बाद कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

कार सवार लोगों की जान पर बन आई

हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। रामगढ़ निवासी पंकज सोनी अपने साले मोतीलाल सोनी और काका ससुर के बेटे महेंद्र सोनी के साथ जैसलमेर से बोहा गांव में ग्राहक को सोने के जेवरात देकर वापस रामगढ़ लौट रहे थे। तभी बोहा और नेहड़ाई गांव के बीच हादसा हो गया। बाइक से टकराते ही कार में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद उस वक्त जान पर बन आई जब कार के गेट लॉक हो गए। हालांकि, काफी कोशिश के बाद पीछे वाले एक गेट का लॉक खुला। इसके बाद कार से बाहर निकल पाए।

बाइक सवार की मौत

बताया जा रहा है कि बाइक सवार तेज रफ्तार में था और बाइक अनियंत्रित होकर सीधे कार में घुस गई। टक्कर के बाद बाइक कार के बोनट में फंस गई। जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। कार सवारों की सूचना पर ही बा​इक सवार के परिजन मौके पर आए। लेकिन, तब तक बाइक सवार की जान जा चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे से नेहड़ाई गांव सहित पूरे मोहनगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

Updated on:
19 Jul 2026 10:28 am
Published on:
19 Jul 2026 10:28 am