जैसलमेर

Rajasthan Crime: राजस्थान में सनसनीखेज वारदात, आंगन में पति, कमरे में पड़ी भी पत्नी की लाश, सोने-चांदी के जेवर गायब

मोहनगढ़ के भील बस्ती इलाके में बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। गहने गायब मिलने और चोट के निशानों के चलते हत्या कर लूट की आशंका जताई जा रही है।

2 min read
Apr 18, 2026
Jaisalmer news, Mohangarh crime news, Rajasthan murder case, elderly couple death Rajasthan, Bhil community news Rajasthan, robbery murder case Rajasthan, desert district crime news, Jaisalmer local news update, Rajasthan rural crime, police investigation Rajasthan, FSL team investigation news, Rajasthan breaking crime news, village crime Jaisalmer, Rajasthan law and order news, Jaisalmer latest news
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

मोहनगढ़ (जैसलमेर)। कस्बे में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे स्थित भील बस्ती में एक बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

यह वीडियो भी देखें

मृत अवस्था में मिले

जानकारी के अनुसार मृतक राखाराम (80) और उनकी पत्नी रेशमा (75) रात को भोजन करने के बाद सो गए थे। सुबह पड़ोस में रहने वाला उनका भांजा जब उन्हें खाना देने पहुंचा, तब दोनों मृत अवस्था में मिले। पति राखाराम आंगन में चारपाई पर मृत पाए गए, जबकि पत्नी रेशमा कमरे के अंदर पड़ी मिलीं।

मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि दंपति के पहने सोने-चांदी के गहने गायब थे। राखाराम के सिर और आंखों पर चोट के निशान मिले हैं, वहीं रेशमा के पैरों से चांदी के कड़े निकालने के कारण घाव दिखाई दिए। इस स्थिति में परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या कर गहने लूटने की आशंका जताई है।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

सूचना मिलने पर मोहनगढ़ थाना अधिकारी बाबूराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण प्रवीण सैन, नाचना वृत्ताधिकारी गजेन्द्रसिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद पाक विस्थापित भील समाज में रोष व्याप्त है और लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित रही।

पहले भी हुई हत्या

मृतका रेशमा की बहन के पुत्र चंदाराम उर्फ चंदा जी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 20 अक्टूबर 2025 को मोहनगढ़ कृषि उपज मंडी समिति के बाहर स्थित दुकानों में व्यापारी मदनलाल सारस्वत और मुनीम रेवतराम की गला रेतकर हत्या की गई थी, जिसके आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। मोहनगढ़ थाना अधिकारी बाबूराम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर गहने लूटने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासा करने का दावा किया है।

Published on:
18 Apr 2026 07:28 pm