जैसलमेर

दसवीं बोर्ड में जैसलमेर : 92.64 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण .. छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ा

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से मंगलवार को दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। जैसलमेर जिले में 9264 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

3 min read
Mar 24, 2026

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से मंगलवार को दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। जैसलमेर जिले में 9264 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। परीक्षा परिणाम प्रतिशत की दृष्टि से जैसलमेर जिला प्रदेश भर में 30वें स्थान पर रहा। छात्राओं ने मामूली अंतर से छात्रों को इस परीक्षा में पीछे छोड़ा है। जहां छात्रों को परीक्षा परिणाम 92.63 प्रतिशत रहा वहीं 92.65 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। कुल 9063 विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी, उनमें से 4169 प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। गत वर्ष जैसलमेर जिले का परीक्षा परिणाम 92.99 प्रतिशत रहा था। इस बार परिणाम अपूर्व रूप से जल्द घोषित किया गया है जबकि पिछले साल 10वीं का परिणाम 28 मई को घोषित किया गया था। गत वर्ष राजस्थान में जैसलमेर जिला 25वें स्थान पर रहा था।

खुशियों से खिले चेहरे

मंगलवार को परिणाम घोषित किए जाने की एक दिन पहले जानकारी सामने आने के बाद सुबह से ही विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में परिणाम देखने की बेचैनी दिखाई दी। शिक्षामंत्री ने अजमेर में बोर्ड मुख्यालय से परिणाम घोषित किया और उसके तुरंत बाद इंटरनेट के माध्यम से परिणाम जानने के लिए लोगों ने प्रयास शुरू कर दिए। बेहतर अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। परिजनों और मित्रों ने उन्हें मिठाइयां खिलाई। वहीं होनहारों को बधाइयां देने वालों का तांता लग गया। छात्र-छात्राओं में एक दूसरे का परिणाम जानने की प्रबल उत्कंठा देखी गई।

परीक्षा में बैठे -

छात्र - 5185

छात्राएं - 3878

कुल - 9063

----

उत्तीर्ण छात्र - 4803

प्रथम श्रेणी - 2369

द्वितीय श्रेणी - 2039

तृतीय श्रेणी - 395

प्रतिशत - 92.63

----

उत्तीर्ण छात्राएं - 3593

प्रथम श्रेणी - 1800

द्वितीय श्रेणी - 1498

तृतीय श्रेणी - 295

प्रतिशत - 92.65

-----

कुल उत्तीर्ण - 8396

प्रथम श्रेणी - 4169

द्वितीय श्रेणी - 3537

तृतीय श्रेणी - 690

प्रतिशत - 92.64

रामदेवरा की रितिका चौधरी ने मोबाइल से बनाई दूरी... हासिल किए 98.67 प्रतिशत अंक


राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के घोषित दसवीं कक्षा के परिणाम में रामदेवरा कस्बे की निवासी रितिका चौधरी ने 98.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रितिका ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया। उसने बताया कि नियमित रूप से प्रतिदिन चार से पांच घंटे अध्ययन किया और विद्यालय की टेस्ट सीरीज तथा मार्गदर्शन से काफी सहायता मिली। रितिका ने आगे चलकर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने की इच्छा जताई है। उसके पिता मोहन चौधरी ने बताया कि बेटी के सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। रितिका ने बताया कि वह पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखती है। रितिका रामदेव पब्लिक स्कूल रामदेवरा की छात्र है। परिणाम घोषित होने के बाद ग्रामीणों और परिचितों ने रितिका के घर पहुंचकर बधाई दी। इस दौरान पुखराज खत्री, नाथूसिंह तंवर, अगरसिंह तंवर, मोहनलाल चौधरी, रामदीन चौधरी और ओमप्रकाश सहित कई लोग मौजूद रहे।

श्रेष्ठ अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थी बनना चाहते हैं डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, इंजीनियर और सीए

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं परीक्षा परिणाम में जिले के होनहार विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करते हुए सफलता का परचम लहराया है। श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य तय किए हैं। राजस्थान पत्रिका से बातचीत में विद्यार्थियों ने बताया कि वे आगे चलकर डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, इंजीनियर और चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं। विद्यार्थियों में अपने कॅरियर को लेकर स्पष्ट सोच और आत्मविश्वास दिखाई दिया। उनका कहना है कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने से अच्छे परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

Published on:
24 Mar 2026 09:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर