जैसलमेर

Rajasthan Crime: जैसलमेर में व्यापारी के घर दिनदहाड़े लूट, पत्नी के गले पर चाकू रखकर बनाया बंधक, मुह में चिपकाया टेप

Jaisalmer Crime: बताया जा रहा है कि दिनदहाड़े तीन अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और अंदर मौजूद व्यापारी की पत्नी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया।
2 min read
Apr 12, 2026
Jaisalmer Crime
बंधक महिला (फोटो-पत्रिका)

जैसलमेर। शहर के भाटिया पाड़ा इलाके में रविवार को दोपहर हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। गांधी चौक में व्यवसाय करने वाले व्यापारी नवल भाटिया के घर को बदमाशों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि दोपहर में करीब डेढ़ बजे तीन अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और अंदर मौजूद उनकी पत्नी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। अचानक हुई इस घटना से पीड़िता घबरा गई और बदमाशों ने इसका फायदा उठाते हुए उन्हें काबू में कर लिया।

बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह किसी को आवाज न दे सके। इसके साथ ही बदमाशों ने गले पर चाकू रखकर उसे डराया-धमकाया और चुप रहने के लिए मजबूर किया। इस दौरान घर में मौजूद कीमती सामान की तलाश की गई और जो भी नकदी व जेवर हाथ लगे, उन्हें समेट लिया गया। घटना के दौरान बदमाश काफी देर तक घर में रहे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस ने मौके का लिया जायजा

चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जब आसपास के लोगों को जानकारी मिली, तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला के मुंह में चिपकाए गए टेप को कैंची की मदद से काटा। वहीं हाथ-पैर को भी टेप से बांध दिया गया था, जिसे काटा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही, संदिग्धों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इलाके में दहशत

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Updated on:
12 Apr 2026 09:04 pm
Published on:
12 Apr 2026 06:27 pm