
आरोपी युवक (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)
Pregnant Woman Harassed Malviya Nagar Jaipur: राजधानी जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुलाबी नगरी के पॉश इलाके मालवीय नगर में एक गर्भवती महिला के साथ बीच सड़क पर हुई छेड़छाड़ की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
बता दें कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह घटना 25 मार्च की शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर की एक कॉलोनी में गर्भवती महिला फोन पर बात करते हुए पैदल अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। तभी सुनसान गली का फायदा उठाकर एक मनचले युवक ने पीछे से आकर महिला को दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
अचानक हुई अश्लील हरकत से गर्भवती महिला बुरी तरह घबरा गई, लेकिन उसने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। महिला ने हार मानने के बजाय जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।
महिला की चीखें सुनकर जब तक आसपास के लोग घरों से बाहर निकलते या राहगीर मदद के लिए दौड़ते, उससे पहले ही आरोपी युवक घबराकर मौके से फरार हो गया।
यह पूरी शर्मनाक वारदात पास में ही लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी युवक दबे पांव महिला का पीछा करता है और मौका मिलते ही उसे पीछे से पकड़ लेता है।
वीडियो में महिला का संघर्ष और आरोपी की बदहवासी साफ नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश है।
हैरानी की बात यह है कि घटना 25 मार्च की है, लेकिन कई दिनों तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची थी, जिसके कारण मामला ठंडे बस्ते में रहा। हालांकि, जानकारों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए था।
अब वीडियो वायरल होने और चौतरफा दबाव के बाद जयपुर पूर्व की डीसीपी रंजीता शर्मा ने मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही उन्होंने इस बात की भी जांच के आदेश दिए हैं कि घटना के समय रिपोर्ट दर्ज करने में देरी क्यों हुई। वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा...
जयपुर में पिछले कुछ दिनों में छेड़छाड़ की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले भी बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक युवती को परेशान करने का मामला सामने आया था। राजधानी में दिनदहाड़े एक गर्भवती महिला के साथ ऐसी हरकत होना यह दर्शाता है कि अपराधियों के मन में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है, पुलिस गश्त की कमी और अंधेरी गलियों के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। महिलाओं का कहना है कि अगर राजधानी में ही वे सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों का क्या हाल होगा? फिलहाल, पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।
Updated on:
12 Apr 2026 02:47 pm
Published on:
12 Apr 2026 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
