जैसलमेर

जैसलमेर के पोकरण में मारपीट की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला, कटर से काटा सिपाही का कान

जैसलमेर के पोकरण में मारपीट की जांच करने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। कांस्टेबल चालक चतुराराम का कटर से कान काट दिया। पुलिस ने एक आरोपी को दस्तयाब किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
police team attacked in pokaran
चालक चतुराराम (पत्रिका फोटो)

पोकरण (जैसलमेर): जैसलमेर जिले में पोकरण कस्बे के भवानीप्रोल में मारपीट के मामले की सोमवार शाम जांच करने गई पुलिस टीम पर आरोपी और परिवार ने लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान एक कांस्टेबल चालक का कान कटर से काट दिया गया। पुलिस के अनुसार, सोमवार को सुबह भवानीप्रोल निवासी जय पुत्र देवीलाल भार्गव ने रिपोर्ट दी थी कि घर जाते समय भवानीप्रोल निवासी रमेश पुत्र चैनाराम प्रजापत ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की थी।

रिपोर्ट के आधार पर हेड कांस्टेबल रूपाराम, कांस्टेबल चालक चतुराराम और एक अन्य कांस्टेबल मामले की जांच के लिए सोमवार शाम भवानीप्रोल पहुंचे। जब पुलिस बल आरोपी के घर गया तो रमेश, नारायणराम और राधेश्याम पुत्र चैनाराम ने पुलिस टीम से उलझने लगे। कुछ देर में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

काट दिया कांस्टेबल का कान

आरोपियों ने कांस्टेबल चालक चतुराराम को बातचीत के दौरान ही नीचे गिरा दिया। यहां पास ही चल रहे भवन निर्माण कार्य स्थल पर कटर पड़ा था। आरोपियों ने कटर चालू कर कांस्टेबल चालक चतुराराम का कान काट दिया। अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे छुड़ाया। इस दौरान उनके साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की।

मच गया हड़कंप, एक आरोपी दस्तयाब

कांस्टेबल चालक चतुराराम को तत्काल पोकरण के राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां उसका उपचार किया गया। इस दौरान थानाधिकारी मनीष सोनी ने घटना की जानकारी ली। घटना से पुलिस थाने सहित क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने राधेश्याम प्रजापत को दस्तयाब किया। थानाधिकारी सोनी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

की जा रही जांच...

एक युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस टीम सोमवार शाम जांच के लिए गई थी। इस दौरान आरोपी और उसके भाइयों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कांस्टेबल चालक का कान कटर से काटा गया है। एक आरोपी को दस्तयाब किया है, मामले में जांच की जा रही है।

-मनीष सोनी, थानाधिकारी पुलिस थाना, पोकरण

Updated on:
19 Oct 2026 05:58 pm
Published on:
19 Oct 2026 05:34 pm