पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने कहा कि समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृति एवं कारोबार को रोकने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने कहा कि समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृति एवं कारोबार को रोकने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। सामाजिक बुराई पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए आमजन के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बुधवार को स्थानीय पुलिस थाने में आयोजित सामुदायिक संपर्क समूह सीएलजी व स्थानीय लोगों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आमजन की देश के संविधान के प्रति जिम्मेदारी है।
उसका निर्वहन कर पुलिस को हमेशा सहयोग करना चाहिए, ताकि समाज में व्याप्त बुराइयों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने देश भर में बढ़ रहे साइबर क्राइम के प्रति जागरुक रहकर किसी भी तरह के प्रलोभन व झांसे में नहीं आने एवं समय पर पुलिस को सूचना देकर सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कस्बे में अभय कमांड योजना के तहत शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही व्यापारियों से भी जगह-जगह कैमरे लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के लिए पुलिस को सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने नाबालिगों को वाहन नहीं देने के लिए अभिभावकों से अपील की। इस मौके पर पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ ने क्षेत्र की कानून एवं शांति व्यवस्था की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीणकुमार सैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों ने विभिन्न समस्याएं रखी और निराकरण की मांग की। सीएलजी सदस्य गणपतराम गर्ग ने कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगाने, विजय व्यास ने मुख्य मार्गों पर समान रूप से कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने, कैलाश पुरोहित व भावना गोस्वामी ने सालमसागर, रामदेवसर तालाब, हनुमान मंदिर, पंचमुखा महादेव मंदिर व भीड़-भाड़ भरे सार्वजनिक स्थलों पर आवारा घूमने व नशा करने वाले समाजकंटकों के विरुद्ध कार्रवाई करने, धूड़ाराम सोनी, रघुनाथसिंह चौहान ने कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुधारने, चोरी की वारदातों व संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने, गश्त बढ़ाने की मांग की। जिस पर पुलिस अधीक्षक शिवहरे ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मौके पर अशोक रतनू, सुरेश नागौरा, भाटीलाल शर्मा, राजेन्द्र वैष्णव आदि उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बुधवार को पुलिस थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, थानाधिकारी कक्ष, एचएम कक्ष, मालखाना, बैरिक, हवालात आदि का अवलोकन किया। उन्होंने थानाधिकारी भारत रावत से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था, दर्ज मामलों, उनकी जांच की प्रगति और यातायात व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, सालमसागर, रामदेवसर तालाब क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर हर गतिविधि और आवारा घूमने वाले समाजकंटकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीणकुमार सैन व वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे।