
जालोर। जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। रामसीन-भीनमाल स्टेट हाईवे पर भरूड़ी चौराहे के पास रोडवेज बस और टेम्पो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मां, बेटे और बेटी ने दम तोड़ दिया। परिवार मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार के अनुसार, हादसे में मुथला कांबा निवासी ललिता देवी (42), उनके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) की मौत हो गई। परिवार का आठ वर्षीय बेटा राजू गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, परिवार रामसीन गांव में मंदिर में दर्शन करने के बाद टेम्पो से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भरूड़ी चौराहे के पास भीनमाल से उदयपुर की ओर जा रही रोडवेज बस की टेम्पो से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक ही घर के तीन लोगों की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, ललिता देवी ने नवरात्रि के दौरान ही अपने बेटे के लिए नया टेम्पो खरीदा था। जिस वाहन से परिवार मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहा था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। थानाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि रोडवेज बस चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।