Rajasthan New Trains Launch: अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। इससे जालोर के ग्रेनाइट उद्योग, हस्तशिल्प, मोजड़ी कारोबार और स्थानीय व्यापार को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Indian Railways Rajasthan Gift: पश्चिमी राजस्थान के लिए आज का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। मारवाड़, गोडवाड़ और सीमावर्ती इलाकों के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। केंद्र सरकार आज राजस्थान को कई बड़ी रेल सौगातें देने जा रही है, जिनमें सबसे बड़ी सौगात जालोर से दिल्ली के लिए पहली सीधी ट्रेन सेवा मानी जा रही है। इसके साथ ही जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी अब 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच के साथ संचालित किया जाएगा।
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज विभिन्न रेल परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेगे। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “भारतीय रेल विकास और कनेक्टिविटी” विजन से जोड़कर देखा जा रहा है।
आज शुरू होने जा रही भुज-जालोर-पाली मारवाड़-दिल्ली एक्सप्रेस पश्चिमी राजस्थान के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। जालोर क्षेत्र को पहली बार राजधानी दिल्ली और जयपुर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। इससे जालोर के ग्रेनाइट उद्योग, हस्तशिल्प, मोजड़ी कारोबार और स्थानीय व्यापार को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार किया जा रहा है। अब यह ट्रेन 20 कोच के साथ चलेगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी। लंबे समय से इस ट्रेन में भारी वेटिंग लिस्ट चल रही थी। इसके अलावा साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किया जाएगा। जैसलमेर में आधुनिक सुविधाओं वाले नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित है।
इस बड़े आयोजन में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद मदन राठौड़, सांसद राजेंद्र गहलोत, सांसद लुम्बाराम चौधरी, सांसद पी. पी. चौधरी, सांसद विनोद लखमशी चावड़ा और सांसद उम्मेदा राम बेनीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। साथ ही विधायक अतुल भंसाली, विधायक छोटू सिंह भाटी, विधायक देवेन्द्र जोशी,विधायक पुष्पेन्द्र सिंह, विधायक केशाराम चौधरी, विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, विधायक केशूभाई शिवदास पटेल, विधायक प्रद्युम्नसिंह जडेजा, विधायक जीवाराम चौधरी, विधायक भीमराज भाटी और विधायक रतन देवासी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। रेलवे की इन नई सौगातों को पश्चिमी राजस्थान के विकास, पर्यटन और व्यापार के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।