जालोर

Jalore Crime: शराब कारोबारी की चलती कार पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला

सांचौर क्षेत्र में शनिवार दोपहर शराब कारोबारी की चलती गाड़ी पर फायरिंग से हड़कंप मच गया। डेडवा सरहद में हुई वारदात में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पीड़ित ने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
2 min read
Aug 30, 2026
jalore crime
Jalore Crime: फायरिंग की वारदात के बाद पुलिस थाने में खड़ा वाहन (फोटो-पत्रिका)

जालोर। सांचौर क्षेत्र में शराब कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार दोपहर करीब सवा दो बजे नेशनल हाईवे-68 पर डेडवा सरहद में हुई इस घटना में किसी के चोट लगने की सूचना नहीं है, लेकिन फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर सारणावास निवासी गणपतलाल पुत्र भगवानाराम विश्नोई ने सांचौर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को रुकवाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।

चलती गाड़ी पर किए फायर

रिपोर्ट के अनुसार गणपतलाल अपने भाई श्रवण कुमार और कमलेश के साथ स्कॉर्पियो से डावल गुरुद्वारे से सांचौर की ओर आ रहे थे। डेडवा सरहद में सामने से आई एक स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को रुकवाया। आरोप है कि गाड़ी में सवार मुकेश कुमार ने पिस्तौल से फायर किया, जो उनकी गाड़ी के ड्राइवर साइड के दरवाजे पर लगा। इसके बाद गाड़ी तेज भगाने पर आरोपियों ने पीछे से दो-तीन और फायर किए।

शराब तस्करी के विवाद की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला शराब तस्करी और आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है। दोनों गुटों के बीच लंबे समय से चल रहे कारोबारी विवाद को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। वारदात का शिकार हुए गणपतलाल लंबे समय से राजस्थान आबकारी विभाग की सरकारी शराब की दुकान संचालित कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार उनका नाम शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने को लेकर भी जांच के दायरे में सामने आया है। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले 14 जुलाई 2026 को उसके मोबाइल पर फोन आया था। फोन रिसीव नहीं करने पर उसके साथी कमलेश के मोबाइल पर कॉल कर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। आरोप है कि रुपए नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

यह वीडियो भी देखें:

सांचौर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई खेताराम को सौंपी है। पुलिस फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश के साथ ही वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।

Updated on:
30 Aug 2026 07:01 pm
Published on:
30 Aug 2026 06:57 pm