
Chhattisgarh Crocodile Rescue: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदी-नालों और तालाबों के आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पोड़ीदल्हा में एक 7 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर क्रोकोडाइल पार्क में शिफ्ट किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ीदल्हा के सिंघानी तालाब के पास ग्रामीणों ने विशाल मगरमच्छ को देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के कोटमी सोनार रेंज को दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
मगरमच्छ को पकड़ने के दौरान वन विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि विभाग के पास मगरमच्छ पकड़ने के लिए पर्याप्त आधुनिक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में टीम ने रस्सी और बांस के सहारे जुगाड़ तकनीक अपनाकर मगरमच्छ को काबू किया। सफल रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित क्रोकोडाइल पार्क में शिफ्ट कर दिया गया।
लगातार बारिश और जलभराव के कारण मगरमच्छों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बांध फूटने और जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ तालाबों से निकलकर आसपास के खेतों और गांवों तक पहुंच सकते हैं। इससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान तालाब, नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके करीब न जाएं और न ही उसे पकड़ने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।