
कलयुगी बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते अपराधों के बीच जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और आरोपी ने लकड़ी की फाड़ी से पिता के सिर और कनपटी पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ले ली।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 जुलाई की है। मामले की शिकायत मृतक के बेटे अजय कुमार नाग ने थाना नारायणपुर में दर्ज कराई। अजय ने बताया कि वे तीन भाई हैं। एक भाई दूसरे राज्य में काम करता है, जबकि वह स्वयं अपनी पत्नी, बच्चों और माता-पिता के साथ गांव में रहता है। उसका बड़ा भाई पूना राम नाग, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है, भी परिवार के साथ ही रहता था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत में खेती का काम करने गया था। उस समय घर पर केवल उसके माता-पिता मौजूद थे। शाम करीब चार बजे उसके बड़े पिताजी के बेटे ने खेत पहुंचकर सूचना दी कि उसके बड़े भाई पूना राम ने पिता बंधु नाग की लकड़ी की फाड़ी से हमला कर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही अजय परिवार के साथ घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसके पिता आंगन में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हुए थे। इसके बाद उसने अपनी मां से घटना की जानकारी ली। मां ने बताया कि पूना राम शराब के नशे में घर आया था। इसी दौरान पिता ने उसे काम-धंधा नहीं करने को लेकर समझाइश दी, जिससे वह भड़क गया और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने आंगन में रखी लकड़ी की फाड़ी उठाई और पिता के सिर व कनपटी पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी पूना राम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह शराब पीकर घर लौटा था। घर पहुंचने पर पिता ने उसे काम नहीं करने और जिम्मेदारी नहीं निभाने की बात कही। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने आंगन में पड़ी लकड़ी की फाड़ी उठाई और पिता के सिर व कनपटी पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी जब्त कर ली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी पूना राम नाग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Updated on:
19 Jul 2026 04:54 pm
Published on:
19 Jul 2026 04:53 pm
