13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या, हाथ-पैर बांधकर घोंटा गला, 4 बाल अपचारी फरार

Crime News: बिलासपुर जिले में बाल संप्रेक्षण गृह के भीतर चौकीदार की हत्या कर दी गई है। आरोप है कि रविवार रात करीब 11 बजे चार बाल अपचारियों ने पहले उनके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंसकर हत्या कर दी।
2 min read
Google source verification
Watchman Murder in Bilaspur

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में हत्या (फोटो सोर्स-पत्रिका)

Bilaspur Crime News: छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के अंदर चौकीदार की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि संप्रेक्षण गृह में रह रहे चार बाल अपचारियों ने वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।

मृतक चौकीदार की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र कुमार पिछले करीब एक साल से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।

मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे चार बाल अपचारियों ने चौकीदार नरेंद्र कुमार के साथ विवाद किया। आरोप है कि पहले उनके साथ जमकर मारपीट की गई, इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोपियों ने गमछे से उनका गला दबाया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बाल अपचारी वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या के आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि फरार बाल अपचारियों में से एक आरोपी की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही जेल में शिफ्ट किया जाना था। वहीं, दूसरे आरोपी पर हत्या और तीसरे पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने किसी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और हर पहलू की जांच की जा रही है।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस बाल संप्रेक्षण गृह में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले सबूतों, कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह सामने आ सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

बाल संप्रेक्षण गृह में हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर कानून से संघर्षरत किशोरों की निगरानी और सुधार की जिम्मेदारी होती है, वहीं एक चौकीदार की हत्या और चार आरोपियों का फरार हो जाना बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की मौजूदगी और निगरानी प्रणाली की भी समीक्षा की जा रही है।

पुलिस ने कहा- जांच जारी, जल्द होगी कार्रवाई

सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने लाई जाएगी।