12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रविवार की छुट्टी में जॉइनिंग, GPM के नए कलेक्टर विजय दयाराम के ने संभाला कार्यभार, ये 7 कलेक्टर पहले दे चुके हैं सेवाएं

IAS Vijay Dayaram K: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को नया कलेक्टर मिल गया है। IAS 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने रविवार को शासकीय अवकाश के दिन ही कार्यभार ग्रहण कर जनसेवा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
2 min read
Google source verification
IAS Vijay Dayaram K

नए कलेक्टर विजय दयाराम के (फोटो सोर्स- X, Gaurela Pendra Marwahi)

GPM New Collector: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को नया कलेक्टर मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने रविवार को शासकीय अवकाश के दिन ही जिले के कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने छुट्टी के दिन कार्यभार संभालकर अपने प्रशासनिक दायित्वों की शुरुआत की। उनके इस कदम की जिले में व्यापक चर्चा रही।

अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए कलेक्टर का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें जिले की विशेष पहचान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल का पैकेट भी भेंट किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी समेत अन्य अधिकारियों ने भी नए कलेक्टर को शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया।

जनसेवा को दी प्राथमिकता

सामान्यतः रविवार को सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहता है, लेकिन विजय दयाराम के ने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए इसी दिन पदभार ग्रहण किया। उनके इस निर्णय को प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता और कार्य संस्कृति का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।

GPM जिले के आठवें कलेक्टर बने विजय दयाराम

विजय दयाराम के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आठवें कलेक्टर हैं। उनसे पहले जिले में शिखा राजपूत तिवारी, डोमन सिंह, नम्रता गांधी, ऋचा प्रकाश चौधरी, प्रियंका ऋषि महोबिया, लीना कमलेश मंडावी और डॉ. संतोष कुमार देवांगन कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब विजय दयाराम के सामने जिले के विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी होगी।

जिलेवासियों को नई उम्मीद

नए कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिलेवासियों को प्रशासन से नई उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में नए कलेक्टर अहम भूमिका निभाएंगे।