
युवक का मर्डर (Photo - AI)
Crime News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मिरतुर थाना क्षेत्र में एक युवक पर कथित तौर पर चाकू और पत्थरों से हमला करने के बाद उसे कुएं में फेंक दिए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले बीजापुर जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल जगदलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान दिलीप के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिलीप का पिछले करीब एक वर्ष से एक विवाहिता महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों नगर पालिका बीजापुर में कार्यरत थे और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को महिला ने दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर मिलने के लिए बुलाया था।
मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कडियम का आरोप है कि जब दिलीप महिला के घर पहुंचा, तब वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दिलीप पर चाकू और पत्थरों से हमला किया गया। आरोप है कि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल दिलीप को कुएं में फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दिलीप को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल जगदलपुर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार ने हत्या की साजिश रचने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर मिरतुर थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
12 Jul 2026 02:29 pm
Published on:
12 Jul 2026 02:29 pm
