झालावाड़

Rajasthan: नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त मामले में 3 और आरोपी गिरफ्तार, अकाउंट से मिली मोटे लेनदेन की जानकारी

राजस्थान में नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई से 3 और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 पहुंच गई है।

2 min read
Accused Arrested In Human Trafficking
आरोपी रामकन्या को ले जाती पुलिस टीम और इनसेट में पकड़े गए तीनों आरोपियों की फोटो: पत्रिका

Human Trafficking Case: राजस्थान में नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 और आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस की जांच में आरोपियों के बैंक खातों में बड़े वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

राजस्थान के जिलों से लेकर मुंबई तक था गिरोह का कनेक्शन

पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा 5 जून को किया था। जांच में सामने आया था कि गिरोह राजस्थान के कई जिलों के साथ-साथ मुंबई तक सक्रिय था। आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को झांसा देकर लड़कियों की खरीद-फरोख्त करते थे। इस मामले में स्पेशल टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 15 लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इनमें अधिकांश नाबालिग हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की पहचान और गोपनीयता को सुरक्षित रखा जा रहा है। मामले में नई जानकारियां मिलने के बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अन्य पीड़ितों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

3 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस टीम ने पूर्व में गिरफ्तार 8 आरोपियों के अलावा अब 3 और आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पहले गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया वहीं, नए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों में भारी रकम के लेनदेन के सबूत भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विभिन्न खातों के माध्यम से बड़ी राशि का ट्रांजेक्शन हुआ था। अब पुलिस इन खातों के लेनदेन और आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। SIT तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग रिकॉर्ड और बाकी डॉक्यूमेंट के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी है।

अब तक ये आरोपी हुए गिरफ्तार

  1. बूंदी निवासी रामकन्या (उम्र 53 साल)
  2. बूंदी निवासी भीमशंकर उर्फ भीमा (उम्र 28 साल)
  3. बूंदी निवासी अंकुश कर्मावत (उम्र 26 साल)
  4. बूंदी निवासी रमेश कंजर (उम्र 55 साल)
  5. झालावाड़ निवासी सन्नी (उम्र 40 साल)
  6. बूंदी निवासी बंटी (उम्र 31 साल)
  7. टोंक निवासी संदीप वर्मा (उम्र 31 साल)
  8. टोंक निवासी कमीजिया
  9. मुंबई निवासी मोहम्मद हनीफ (उम्र 40 साल)
  10. बिहार निवासी अनवर आलम वर्तमान में मुंबई रह रहे (उम्र 35 साल)
  11. मुंबई निवासी राजेश ढवले (उम्र 37 साल)
Updated on:
11 Jun 2026 12:09 pm
Published on:
11 Jun 2026 12:06 pm