
Jhalawar Bheemsagar Road Accident: भीमसागर (झालावाड़): भीमसागर क्षेत्र में पातले पीर दरगाह के समीप हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सारोला थाना प्रभारी बुद्धाराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति को खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मृतकों में कोटा जिले के रामगंजमंडी निवासी हमीद खान, रेहान उर्फ फारूक मुसलमान (20 वर्ष) और तालीज उर्फ अखील मुसलमान (20 वर्ष) बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया है। जबकि एक अन्य घायल का झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों में सिर और पेट में गंभीर चोटें होने की जानकारी सामने आई है।
हादसा किस कारण से हुआ, इसे लेकर अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर हादसा बस की चपेट में आने से होने की बात सामने आ रही थी। लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सारोला पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस और परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल, पुलिस हादसे की वास्तविक वजह, वाहन और घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।