झालावाड़

खुशखबरी: राजस्थान के इस बांध का होगा जीर्णोद्धार, 16 करोड़ 30 लाख की राशि स्वीकृत

Rajasthan News: झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड स्थित भीमसागर बांध के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने बांध के जीर्णोद्धार के लिए 16 करोड़ 30 लाख रुपए की स्वीकृति दे दी है, जिससे सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को सीधा लाभ होगा।
2 min read
BhimSagar dam
भीमसागर बांध (फोटो-पत्रिका)

Bhimsagar Dam Will Renovate: झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड के गांव मोड़ी भीमसागर में उजाड़ नदी पर बनी महत्वाकांक्षी मध्यम सिंचाई परियोजना के भीमसागर बांध के कायाकल्प का समय शुरू होने वाला है।

दरअसल राजस्थान पत्रिका में गत 28 दिसंबर 2024 को बूढ़ा हो रहा भीमसागर बांध, उपचार जरूरी शीर्षक से खबर प्रकाशित करने के बाद सरकार ने संज्ञान लिया। श्रंखलाबंद तरीके लगातार खबरों का प्रकाशन करने के बाद राज्य सरकार द्वारा गत बजट में भीमसागर बांध को लेकर करीब 16 करोड़ 30 लाख की राशि जल संसाधन विभाग को स्वीकृति कर दी। विभाग द्वारा संवेदक को 27 जनवरी 2026 को निर्माण कार्य शुरू करवाने के वर्कऑर्डर जारी कर दिए हैं।

इन कामों से बदलेगी सूरत

जल संसाधन विभाग राजस्थान सरकार द्वारा भीमसागर बांध पर करीब 16 करोड़ 30 लाख की लागत से भीमसागर बांध उजाड़ नदी डाउनस्ट्रीम में एप्रोन निर्माण, नहर मरम्मत, बांध की दोनों नहरों के सलूज गेट, नवीन नियंत्रण कक्ष समेत जनरेटर कक्ष के अलावा बांध की मुख्य सड़क समेत अन्य कार्य करवाएं जाएंगे। इसके लिए विभाग द्वारा वर्कऑर्डर 27 जनवरी 2026 को जारी कर दिया। इस कार्य को पूर्ण करने की अंतिम तारीख 5 फरवरी 2028 अंकित है।

पानी की नहीं होगी बर्बादी

जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि बांध की दोनों नहरों पर नवीन सलूज गेट लगाने का कार्य भी इस दौरान किया जाएगा। इस वक्त बांध की नहरों पर करीब 20 फीट से अधिक पानी है, तो इसके चलते किसानों के बीच अफवाह फैली हुई है कि यह पाक व्यर्थ ही बहाया जाएगा।

परन्तु विभाग ने बताया कि ऐसा नहीं होगा। हम लोग इस पानी को रोकने के लिए कॉपर डैम बनाकर नवीन गेट नहरों में लगाने का काम करेंगे। इससे पानी की बर्बादी नहीं होगी। बांध में जो पानी शेष बचागा वह किसानों के लिए सुरक्षित रहेगा।

भीमसागर बांध के जीर्णोद्धार को लेकर जो बजट स्वीकृति मिली है, उसके वर्कऑडर जारी हो गए हैं। अगले माह से संवेदक कार्य प्रारम्भ कर देगा। बांध से किसी तरह व्यर्थ पानी की निकासी नहीं होगी। नहरों के नए सलूज गेट लगाने के लिए कॉपर डैम बनाकर कार्य किया जाएगा। किसान अफवाह पर ध्यान नहीं दें।

पंकज सिंह, एक्सईएन, भीमसागर बांध

Updated on:
09 Feb 2026 12:32 pm
Published on:
09 Feb 2026 12:32 pm