झालावाड़

झालावाड़ में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, भतीजे ने चाचा पर गंडासी से किए वार, मौत

झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र के नूरजी गाडरवाड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक छोटी सी कहासुनी के बाद सगे भतीजे ने 70 वर्षीच बुजुर्ग चाचा की हत्या कर दी।
2 min read
Jhalawar murder case
फोटो पत्रिका नेटवर्क

झालावाड़। जिले के सारोला थाना क्षेत्र के नूरजी गाडरवाड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक छोटी सी कहासुनी के बाद सगे भतीजे ने 70 वर्षीच बुजुर्ग चाचा की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात को हुई। मृतक की पहचान जगन्नाथ बैरवा के रूप में हुई है। वारदात के वक्त जगन्नाथ पर उनके सगे भतीजे कुलदीप बैरवा ने अचानक गंडासी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में जगन्नाथ के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उनको तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जगन्नाथ बैरवा को मृत घोषित कर दिया।

दोनों में कुछ दिन पहले हुई थी कहासुनी

परिजनों ने बताया कि कुलदीप नशे का आदी है। कुछ दिन पहले मृतक जगन्नाथ और कुलदीप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। गुरुवार देर रात कुलदीप ने नशे की हालत में जगन्नाथ पर गंडासी से हमला कर दिया। वार इतने गंभीर थे कि जगन्नाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सारोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सारोला थाना एएस बजेन्द्र सिंह ने बताया कि जगन्नाथ की मौत अत्यधिक रक्तस्राव से हुई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। यह जिले में पखवाड़े भर में हुई तीसरी हत्या है, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Updated on:
10 Jul 2026 11:51 am
Published on:
10 Jul 2026 11:51 am