झालावाड़

Jhalawar News: ढाबे पर श्वान को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, दो युवक गंभीर घायल

झालावाड़ के असनावर में रातादेवी रोड स्थित एक ढाबे पर श्वान को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
less than 1 minute read
Feature image
AI Image

Jhalawar News: जिले के असनावर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रातादेवी रोड पर स्थित एक ढाबे पर महज एक श्वान को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खाने की टेबल के पास घूम रहा था श्वान

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात रातादेवी रोड स्थित एक ढाबे पर लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात युवक वहां अपना श्वान लेकर पहुंच गए। श्वान खाने की मेज के आसपास घूमने लगा, जिस पर वहां मौजूद ग्राहकों ने आपत्ति जताई। जब युवकों ने श्वान को हटाने के लिए कहा, तो श्वान के मालिक और उसके साथी उलझ गए।

कहासुनी के बाद निकाला चाकू

देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्साए बदमाशों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में अकतास निवासी अखिलेश (पुत्र मांगीलाल) और पनवासा निवासी भरत (पुत्र सुमन) लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस कर रही तलाश

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को असनावर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही असनावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ढाबे पर मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Updated on:
14 Feb 2026 02:30 pm
Published on:
14 Feb 2026 02:30 pm