
Sawai Madhopur News: प्रसिद्ध घुश्मेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर शिवाड़ में महाशिवरात्रि पर्व पर 14 से 19 फरवरी तक छह दिवसीय भव्य धार्मिक मेले का आयोजन होगा। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार इस दौरान देशभर से पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, यातायात और पार्किंग की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
मंदिर परिसर और शिवाड़ कस्बे को आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है तथा प्रशासन और आयोजन समिति श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन सुविधा उपलब्ध कराने में जुटी है।
मेले का शुभारंभ 14 फरवरी को दीप प्रज्वलन और शनि प्रदोष व्रत पूजन के साथ होगा। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर विशेष पूजन, महारुद्राभिषेक, रुद्राष्टाध्यायी पाठ और चार प्रहर की रात्रिकालीन पूजा होगी। इसी दिन कस्बे के चारों द्वारों से भव्य शोभायात्राएं निकलेंगी और मंदिर शिखर पर धर्मध्वजारोहण किया जाएगा।
शाम को नव-निर्मित कमानी मंदिर का लोकार्पण होगा और रात 8 बजे दशहरा मैदान में भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें चंचल काबरा और शंभू लहरी मुंबई प्रस्तुति देंगे।
16 फरवरी को शिवलिंग पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मंदिर परिसर में घूमर नृत्य और रात को कालरा सत्संग भवन में पारंपरिक सोमवारी संगीतमय जागरण होगा। 17 फरवरी को विशाल मेला भरेगा और शाम 7 बजे राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन होगा।
सम्मेलन में मुन्ना बैट्री, गोविंद भारद्वाज, दीपा सैनी, भूपेंद्र राठौड़, अमित आजाद, सुरेश अलबेला, भगवान मकरंद, नानक चंद नवीन, अखिलेश अखिल और ममता मंजूला सहित कई कवि भाग लेंगे। 18 फरवरी को भी धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मेले का समापन 19 फरवरी को विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा।
Updated on:
13 Feb 2026 09:24 pm
Published on:
13 Feb 2026 09:24 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
