
राजस्थान रोडवेज की बस। पत्रिका फाइल फोटो
सवाईमाधोपुर। यात्रियों के लिए खुशखबर है। सवाई माधोपुर डिपो से शुक्रवार को नई बस सेवा की शुरुआत की गई है, जो अब यात्रियों को सीधे खाटूश्यामजी तक पहुंचाएगी।
यह बस गंगापुरसिटी, करौली, चाकसू और जयपुर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचेगी। नई बस सेवा से धार्मिक यात्रियों और आमजन दोनों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बस सवाई माधोपुर से रोज सुबह 10 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:30 बजे करौली पहुंचेगी। वहां से 1:45 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। चाकसू और कौथून होते हुए बस जयपुर पहुंचेगी और फिर खाटूश्यामजी जाएगी। खाटूश्यामजी से यह बस सुबह 5:30 बजे लौटकर दोपहर 1:30 बजे करौली पहुंचेगी और फिर सवाई माधोपुर आएगी।
खाटूश्यामजी राजस्थान का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब सवाई माधोपुर और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को सीधे बस सेवा उपलब्ध होगी। पहले यात्रियों को जयपुर या करौली से अलग-अलग साधनों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब एक ही बस से पूरा सफर तय किया जा सकेगा।
यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी जो नियमित रूप से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जाते हैं। साथ ही गंगापुरसिटी, करौली और जयपुर जाने वाले यात्रियों को भी सीधा और आरामदायक सफर मिलेगा।
यात्रियों की मांग को देखते हुए यह नई बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सवाईमाधोपुर डिपो से गंगापुरसिटी, करौली, कौथून, जयपुर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचेगी। इससे सवाईमाधोपुर व करौली जिले के यात्रियों को राहत मिलेगी।
-पीयूष जैन, मुख्य प्रबंधक, सवाईमाधोपुर डिपो
Updated on:
07 Feb 2026 04:48 pm
Published on:
07 Feb 2026 03:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
