झुंझुनूं जिले के पचेरी क्षेत्र में गुरुवार को पारिवारिक जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
झुंझुनूं। पचेरी क्षेत्र के रसूलपुर अहिरान गांव में गुरुवार को पारिवारिक जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि गांव निवासी अजीत यादव ने अपने बड़े भाई अनूप यादव पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल अनूप को पहले पचेरीकलां के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे बुहाना के राजकीय अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुहाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और बाद में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के चचेरे भाई कृष्ण कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि अनूप और उसके छोटे भाई अजीत के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को अनूप घर से सामान लेने आया, लेकिन उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। इस दौरान कहासुनी के बीच आरोपी पक्ष ने पत्थरबाजी की। इसके बाद अजीत ने ट्रैक्टर चढ़ाकर अनूप को कुचल दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार अनूप यादव दिल्ली में लोहे की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बुधवार रात ही छुट्टी लेकर घर आया था। उसकी शादी उत्तर प्रदेश में हुई थी और पत्नी फिलहाल पीहर में है। उनके कोई संतान नहीं थी। कुछ समय पहले ही उसके पिता कंवर सिंह का हार्ट अटैक से निधन हुआ था। ऐसे में इस घटना ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है।
पारिवारिक जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मृतक सामान लेने घर आया था। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। -बनवारीलाल यादव, थानाधिकारी, पचेरी कलां