झुंझुनू

शेखावाटी News: PNB में 6.50 करोड़ के गोल्ड लोन घोटाले का खुलासा, पूर्व बैंक मैनेजर सहित दो गिरफ्तार, ऐसे रची थी साजिश

PNB Gold Scam: नवलगढ़ की पीएनबी बैंक शाखा में हुए 6.50 करोड़ के गोल्ड लोन घोटाले मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक अमित जांगिड़ व बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) संतोष सैनी गिरफ्तार कर लिया है।

3 min read
Feb 06, 2026
PNB Gold Loan Scam Case

PNB Gold Scam

नवलगढ़ की PNB बैंक शाखा में हुए 6.50 करोड़ के गोल्ड लोन घोटाले मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक अमित जांगिड़ व बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) संतोष सैनी गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें

शेखावाटी: PNB में 6.50 करोड़ के गोल्ड घोटाले के आरोपी बैंक मैनेजर ने करोड़ों की जमीन खरीदी, डेयरी प्लांट खोला

झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि मुख्य आरोपी अमित जांगिड़ को शेयर मार्केट में करीब ढाई करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इस नुकसान की भरपाई और प्रोपर्टी खरीदने तथा अय्याशी करने के लिए उसने बैंक से असली सोना पार कर नकली सोना स्ट्रांग रूम में रखी गोल्ड सेफ में रख दिया।

सोने के एक ही आभूषण पर कई बार अलग-अलग लोगों के नाम पर गोल्ड लोन फर्जी खाते खोलकर मिलीभगत कर कुछ पैसा लोन लेने वाले को दिया और कुछ खुद ने रखा। यह सब हेराफेरी करने के बाद मामले को अलग रूप देने के लिए अमित जांगिड़ ने बैंक में डकैती डलवाने की साजिश रची। इसी साजिश के तहत अमित जांगिड़ ने डकैती के लिए तैयार हुए बदमाशों को 20 लाख रुपए एडवांस देकर सोना और डीवीआर बैंक से गायब करने की जिम्मेदारी दी। एसपी उपाध्याय ने बताया कि अमित जांगिड़ ने अपनी महिला मित्र को बैंक में जमा सोना देकर अन्य बैंकों से गोल्ड लोन भी दिलवा रखा था।

ऐसे खुला घोटाला - अमित जांगिड़ के पास मिली अकूत संपत्ति

मुख्य आरोपी अमित जांगिड़ के पास अकूत संपत्ति के सबूत मिले हैं। एसपी ने बताया कि अमित के पास 2 महंगी कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, सीकर के पॉश इलाके में 3 मंजिला निर्माणाधीन मकान, उसके गांव सीथल में बड़ा डेयरी फार्म है, जिसमें 100 से अधिक देशी व विदेशी नस्ल की गाय पाल रखी हैं। डेयरी में 2 पिकअप गाड़ी भी मिली। अमित जांगिड़ ने पत्नी के नाम गुढ़ा में जमीन खरीद रखी है।

5 हजार की नौकरी करने वाले संतोष सैनी के पास भी कई प्रॉपर्टी

पुलिस ने बताया कि दूसरा आरोपी संतोष सैनी बैंक का बीसी काउंटर चलाता है। उसे मात्र 5 हजार रुपए मिलते थे। उसके पास नवलगढ़ व अन्य जगह अनेक दुकान, प्लॉट व मकान होने के सबूत मिले हैं। हाल ही में संतोष सैनी नवलगढ़ के बिरोल रोड पर 2 मंजिला कोठीनुमा मकान बना रहा है।

यूपी के मथुरा से गिरफ्तार किया गया

गोल्ड घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व बैंक मैनेजर अमित जांगिड़ को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया गया है। उसने खुद का 4 करोड़ का बीमा करवा रखा था। वह रेल के आगे कूदकर आत्महत्या करने की योजना बना रहा था। गिरफ्तारी के समय अमित जांगिड़ के पास जहरीला पदार्थ भी मिला है।

इस प्रकार दिया बैंक में गोल्ड घोटाले को अंजाम

एसपी उपाध्याय ने बताया कि मुख्य आरोपी अमित जांगिड़ ने बीसी संतोष सैनी के माध्यम से लोगों के नाम फर्जी गोल्ड लोन खाते खोले। इसके लिए संतोष सैनी को मोटी रकम व गोल्ड का लालच दिया। यह लोग फर्जी खाताधारकों से बैंक में ही ओटीपी प्राप्त कर गोल्ड लोन के रुपयों की बैंक में ही निकासी कर लेते थे। इसमें से कुछ रुपए संतोष सैनी रख लेता बाकी के रुपए अमित जांगिड़ के पास रहते। गोल्ड पैकेट में रखे असली गोल्ड बाहर निकालकर नकली सोने के आभूषण पैकेट में रखकर वापस बैंक की सेफ में रख देते। इसके बाद अपने विश्वास के सहयोगियों से मिलकर बैंक से निकाले गए गोल्ड को अन्य बैंकों में गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेते व लोन के रुपए अमित जांगिड़ व संतोष सैनी रख लेते।

पांच दिन में खुलासा

नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के मैनेजर मुकेश सिहाग ने 1 फरवरी को नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें शाखा के पूर्व मैनेजर अमित जांगिड़, उप प्रबंधक अनंत कुमार व बैंकिंग कोरस्पोडेंट संतोष सैनी के पर 4 किलो 198 ग्राम सोना चोरी करने का आरोप लगाया था। मामले का पुलिस ने 5 दिन में खुलासा किया है।

ये भी पढ़ें

PNB में 6.50 करोड़ का गोल्ड घोटाला: AGM ने बताया कब मिलेगा पीड़ितों को पूरा क्लेम और कैसे होगा सोने का भुगतान?

Updated on:
07 Feb 2026 11:50 am
Published on:
06 Feb 2026 07:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर